127 Views
प्रवासी मज़दूरों के बच्चों के लिए मिठनपुरा में खोला गया भट्ठा स्कूल, दो और स्कूल शीघ्र होंगे शुरू
पाठ्यपुस्तक वितरण के साथ हुई स्कूल की शुरूआत
जिले के गांव मिठनपुरा में भट्ठा स्कूल का शुभारंभ एसडीएम ऐलनाबाद अर्पित संगल व डीएफएससी मुकेश कुमार द्वारा किया गया है। ईंट भट्ठों पर कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के बच्चों के लिए कार्यस्थल के पास ही भट्ठा स्कूल खोलने का यह दूसरा प्रयास है। स्कूल शुभारंभ अवसर पर दंत चिकित्सा कैंप, पाठय सामग्री वितरण तथा पौधारोपण लायंस क्लब के सहयोग से किया गया।
इस मौके पर एसडीएम अर्पित संगल ने कहा कि शिक्षा जीवन में सबसे जरुरी है और जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में शिक्षा का अपना महत्त्व है। शिक्षित व्यक्ति समाज को आगे बढ़ाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं, उन्हें ऐसे प्रयास के माध्यम से शिक्षा से जोड़ा जा सकता है। इस स्कूल में पढ़ने के लिए 30 बच्चों ने दाखिला करवाया है। इस मौके पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार, उपमंडल शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, संपर्क फाउंडेशन से रमनदीप कौर, लायंस क्लब से संजय गांधी प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।
सबसे पहले रंगड़ी रोड स्थित सुरखालिया ईंट भट्ठे पर उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन , अतिरिक्त उपायुक्त लक्षीत सरीन व डीएफएससी मुकेश कुमार के प्रयास व ईंट भट्ठा एसोसिएशन के सहयोग से 26 जनवरी को स्कूल खोला गया। सिरसा में प्रवासी मज़दूरों के बच्चों को बुनियादी शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए स्कूल खोलने को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रयास शुरू किया था। उन्होंने कई विभागों के साथ बैठक भी की थी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि ईंट भट्ठों पर कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के बच्चे परिवार के साथ यहां पर आते हैं, जोकि करीब छह माह यहां कार्य करते हैं। इस दौरान उनके आए बच्चे बुनियादी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त लक्षीत सरीन ने प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य डीएफएससी मुकेश कुमार को दिया कलस्टर की पहचान कर जहां डीएफएससी ऑफिस द्वारा सभी स्टेकहोल्डर्स के बीच कोआर्डिनेशन किया गया वहीं संपर्क फाउंडेशन की ओर से ऑडियो वीडियो के माध्यम से बुनियादी शिक्षा का प्रबंध किया गया है। स्कूल खोलने से पहले इसी तरह पूर्व में संचालित किए गए विभिन्न जिलों झज्जर, जींद व पटियाला के स्कूलों की जानकारी जुटाई गई थी।
उन्होंने बताया कि ऐलनाबाद और डबवाली में शीघ्र ही दो स्कूल और खोले जायेंगे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि यह एक पहल है जिसमें भट्ठा एसोसिएशन जैसे निजी संगठन, संपर्क फाउंडेशन और लायंस क्लब जैसे एनजीओ, और कई सरकारी विभाग जैसे एडीसी आफिस सिरसा, डीएफएससी, डीईईओ आदि शामिल हैं ताकि इस पहल को सफल बनाया जा सके।
ईंट भट्ठा एसोसिएशन की स्कूल चलाने में मिली है मदद
उन्होंने बताया कि स्कूल संचालित करवाने में ईंट भट्ठा एसोसिएशन की बड़ी मदद मिली है। रंगड़ी रोड पर संचालित स्कूल में भी एसोसिएशन की ओर से बड़ी एलईडी व मिड-डे-मील की तर्ज पर भोजन की व्यवस्था की गई है।
Post Views: 75

