Home » देश » आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में न हो लापरवाही

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में न हो लापरवाही

Facebook
Twitter
WhatsApp
454 Views

– अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गतिविधियों की समीक्षा,
– बोले, सर्कल सुपरवाइजर बच्चों को दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जरूर करें जांच
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि जिला में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हो। इसके लिए सभी सर्कल सुपरवाइजर जांच करें और बच्चों को दिए जाने वाले खाद्य पदार्थ आदि की गुणवत्ता भी जांचे। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित मासिक बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लिंगानुपात, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर, आंगनवाड़ी केंद्र आदि के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सर्कल सुपरवाइजर ड्यूटी रोस्टर के अनुसार हर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करें और इस दौरान वहां मौजूद बच्चों का वजन व कद आदि की जरूर जांच करें ताकि किसी बच्चे में कोई कमी नजर आ रही हो तो उसे दूर करने का प्रयास किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला में लिंगानुपात को और बेहतर बनाने के लिए जिला में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। वहीं गांवों में विभिन्न खेल प्रतियोगिता या अन्य प्रतिस्पर्धा के जरिए महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किए गए प्रयासों से मिला सकारात्मक परिणाम से केवल एक पीढ़ी ही लाभान्वित नहीं होती बल्कि अगला भविष्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सिरसा जिला लिंगानुपात में हमेशा ही बेहतर रहा है। लेकिन अभी इसे और बेहतर करने के लिए प्रभावी रूप से काम करने की जरूरत है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान का प्रयास करें।
इस दौरान एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, डीएसपी विकास कृष्ण, महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डा. दर्शना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, सीडब्ल्यूसी की चेयरपर्सन अनीता वर्मा, जिला बाल कल्याण अधिकारी पूनम नागपाल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डा. गुरप्रीत कौर सहित सुपरवाइजर व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोबाइल वैन को दिखाई झंडी, कम लिंगानुपात वाले गांवों में करेगी जागरूक
बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के कम लिंगानुपात वाले गांवों में जागरूकता के लिए चलाई गई मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि शुरूआती चरण में मोबाइल वैन को कम लिंगानुपात वाले चिन्हित गांवों में भेजा जाएगा। इसके प्रभावी परिणाम पर जिला के अन्य गांवों में भी और बेहतर लिंगानुपात के लिए आमजन को मोबाइल वैन के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला लिंगानुपात के मामले में कई बार अव्वल रहा है, अब दोबारा और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
————
कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए जल्द शुरू होंगे कोर्स
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में जिला के विभिन्न औद्योगिक संघों के प्रतिनिधियों व सरकारी विभाग एमएसएमई, जिला उद्योग केंद्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान व रोजगार विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कौशल आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने बारे विचार विमर्श किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि युवाओं में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में नए पाठ्यक्रम बेहद कारगर सिद्ध होंगे। कई बार जिला में इन ट्रेड के टेकनिशियन बाहर से बुलाने पड़ते हैं, जिससे धन व समय की अधिक खपत होती है। ऐसे में इन कोर्स से स्थानीय युवाओं को रोजगार में वृद्धि होगी और वर्कफोर्स की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि लेजर/सीएनसी मशीन ऑपरेटर, सोलर टेक्निशियन, क्लाउड बेस्ड कंप्यूटिंग, फाइनेंस/एकाउंटिंग इत्यादि कोर्स उत्कृष्ट केंद्रों में शुरु किए जाएंगे ताकि युवा इन पाठ्यक्रमों में कौशल प्राप्त करने के बाद जिले में स्थापित लघु सूक्ष्म व मध्यम स्तर की इकाइयों में रोजगार प्राप्त कर सके।
————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices