श्री एसएस जैन सभा में मनाया गया विश्व नवकार महामंत्र दिवस
सिरसा। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के मौके पर रोड़Þी बाजार स्थित श्री एसएस जैन सभा में महामंत्र नवकार जप कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 8.15 बजे से 9.15 बजे तक एक घंटे तक जैन श्रद्धालुओं ने जप किया। इस मौके पर श्री एसएस जैन सभा के सचिव नितिन जैन ने बताया कि आज 108 देशों में नवकार महामंत्र दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवकार महामंत्र एक ऐसा मार्ग जो इंसान को भीतर से शुद्ध करता है, जो इंसान को सौहार्द की राह दिखाता है। नवकार महामंत्र सिर्फ मंत्र नहीं है। ये हमारी आस्था का केंद्र है। हमारे जीवन का मूल स्वर है और इसका महत्व सिर्फ आध्यात्मिक नहीं है। ये स्वयं से लेकर समाज तक सबको राह दिखाता है, जन से जग तक की यात्रा है। इस मौके पर प्रधान मनोहर लाल जैन ने कहा कि इस मंत्र का प्रत्येक पद ही नहीं, बल्कि प्रत्येक अक्षर अपने आप में मंत्र है। उन्होंने कहा कि नवकार महामंत्र सही मायने में मानव, ध्यान, साधना और आत्मशुद्धि का मंत्र है। जीवन के 9 तत्व हैं। ये 9 तत्व जीवन को पूर्णता की ओर ले जाते हैं। इसलिए हमारी संस्कृति में नव का विशेष महत्व है। प्रधान महिला मंडल आशा जैन ने कहा कि नवकार महामंत्र कहता है कि स्वयं पर विश्वास करो, स्वयं की यात्रा शुरू करो, दुश्मन बाहर नहीं है, दुश्मन भीतर है। नकारात्मक सोच, अविश्वास, वैमनस्य, स्वार्थ ही वो शत्रु हैं, जिन्हें जीतना ही असली विजय है। यही कारण है कि जैन धर्म हमें बाहरी दुनिया नहीं, बल्कि खुद को जीतने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर प्रधान मनोहरलाल जैन, बसंत जैन, राजकुमार कोंक, अजय लीगा, सुरेंद्र नाहटा, सुरेश जैन (बबली), अंकुर जैन, अनिल मन्हानी, रमेश जैन नाहटा, लक्की जैन, शोभित जैन, कुनाल चौधरी, बहुमंडल प्रधान मीनू जैन, रवनीक जैन, महिला मंडल सचिव कृष्णा मन्हानी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।



