यातायात नियमों की पालना को किया निर्देशित
सिरसा। जिला यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह निरंतर जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहर्निशं कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में जिला यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर गांव साहुवाला के समीप हरियाणा रोडवेज पर चालक का प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थियों को रोककर उन्हें आवश्यक यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया। इस दौरान जिला यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बस प्रशिक्षणार्थियों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलते समय अपनी लाइन न बदलने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने जैसी गंभीर व आवश्यक हिदायतों का पालन करने को निर्देशित किया। जिला यातायात प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने कहा कि यदि पूर्ण गंभीरता से उपरोक्त हिदायतों की पालना की जाए तो देश प्रदेश में होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं के ग्राफ पर काफी हद तक अंकुश लग सकता है। बस प्रशिक्षणार्थियों ने इस अवसर पर जिला यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह का उन्हें जागरूक बनाने के लिए उनका आभार जताया।



