बांसवाड़ा के चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को किया काबू
डबवाली पुलिस चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने व चोरी की धरपकड़ अभियान में लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है । जिसके तहत अपराधियों के नापाक इरादों पर पानी फेरते हुए उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज रही है । इसी के तहत एक नया आयाम स्थापित करते हुए सीआईए डबवाली व शहर थाना की संयुक्त कार्रवाई ने उदयपुर के चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को काबू करने में कामयाबी हासिल की है । आरोपियों की पहचान राकेश चरपोटा उर्फ राका पुत्र लश चरपोटा उर्फ लक्षण तथा सुनील चरपोटा पुत्र कांति वासियान जेरी, थाना भूंगड़ा, तहसील व जिला बांसवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है ।
इस मामले के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए प्रभारी सीआईए स्टाफ डबवाली उप नि. राजपाल ने बताया कि दिनांक 11.06.2025 को मीना बाजार मंडी डबवाली में मौजूद विक्की टक्कर पुत्र कृष्ण लाल टक्कर की दुकान में आरोपियों द्वारा सेंधमारी कर दुकान से चोरी करने के इरादे से घुसने की सूचना मिली थी जिस पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना शहर, सीआईए डबवाली ने मौका पर पहुंचकर आम जनता के सहयोग से दो आरोपियों को काबू किया गया । पकड़े गए आरोपियों राकेश और सुनील पर थाना शहर में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है । आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ कर अन्य वारदातों बारे जानकारी जुटाई जाएगी ।


