Home » देश » बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रतिबिंब: डा. कृष्ण जमालपुर

बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रतिबिंब: डा. कृष्ण जमालपुर

Facebook
Twitter
WhatsApp
87 Views

सिरसा। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डा. कृष्ण जमालपुर ने राज्य सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2025 से बिजली दरों में की गई 30 प्रतिशत तक की अत्यधिक वृद्धि को गंभीर रूप से निंदनीय, जनविरोधी और असंवेदनशील बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हरियाणा की आम जनता, विशेषकर गरीब, किसान, मजदूर, श्रमिक और निम्न आयवर्ग के उपभोक्ताओं पर एक सीधा आर्थिक प्रहार है। राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नई बिजली दर संरचना के तहत स्लैब प्रणाली में बदलाव, प्रति यूनिट दरों में तीव्र वृद्धि और 50 यूनिट से कम खपत करने वाले गरीब उपभोक्ताओं पर भी फिक्स चार्ज लागू करना यह सब दर्शाता है कि सरकार जनसुविधाओं को मुनाफे का स्रोत बना रही है। डा. कृष्ण जमालपुर ने खुले तौर पर कहा कि जब देश पहले ही बेरोजग़ारी, महंगाई और आर्थिक असमानता के संकट से गुजर रहा है, तब बिजली जैसी अनिवार्य सेवा पर इस प्रकार का बोझ डालना भाजपा सरकार की जनविमुख सोच और संवेदनहीन शासन शैली को उजागर करता है। यह नीतिगत निर्णय स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि भाजपा शासन आमजन की पीड़ा से पूर्णत: अंजान और कट चुका है। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा मांग करती है कि बिजली दरों में की गई वृद्धि को अविलंब रद्द किया जाए, गरीब, किसान, मजदूर एवं निम्न आयवर्गीय उपभोक्ताओं से फिक्स चार्ज की व्यवस्था समाप्त की जाए। बिजली को एक मूलभूत जनसुविधा और मानवीय अधिकार के रूप में संरक्षित किया जाए, न कि उसे लाभ अर्जन का साधन बनाया जाए। यदि राज्य सरकार इस जनविरोधी एवं अमानवीय निर्णय को तत्काल प्रभाव से वापस नहीं लेती, तो बहुजन समाज पार्टी हरियाणा प्रदेशभर में जन आंदोलन करने के लिए विवश होगी। पार्टी जनहित और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए हर मंच और हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। हम जनता की आवाज़ को दबने नहीं देंगे, बल्कि उसे और बुलंद करेंगे। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी रामसिंह फौजी, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेम राठी, जिला प्रभारी गुरदीप कंबोज, प्रभारी बुल्लेशाह, विधानसभा अध्यक्ष पन्नालाल, राजेंद्र राठी सचिव, विक्की, वीबी एफ , रामधन चौटाला, सचिव ओमप्रकाश सहित समाज के अन्य गणमान्जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *