वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत विधायक चंद्रप्रकाश ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, निकाला रोष मार्च
– वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत हजारों आदमपुरवासियों ने निकाला रोष मार्च
– वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान में हजारों आदमपुरवासियों ने बढ़-चढक़र लिया हिस्सा
– हजारों आदमपुरवासियों ने हस्ताक्षर करके व रोष मार्च निकालकर वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान का किया समर्थन : विधायक चंद्रप्रकाश
हिसार / मंडी आदमपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के क्रम में मंडी आदमपुर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान एवं रोष मार्च में हलकावासियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। विधायक चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में हजारों हलकावासियों ने हस्ताक्षर करके इस अभियान का खुला समर्थन किया। हाथों में तख्तियां लेकर रोष मार्च निकालते हुए कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाकर लोगों को जागृत भी किया।
हस्ताक्षर अभियान व रोष मार्च के दौरान विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जनता के अधिकारों के लिए समय-समय पर अनेक अभियान चलाए हैं। मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी, कट्टरता व नफरत के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए राहुल गांधी ने देशभर में भारत जोड़ो अभियान चलाकर अभूतपूर्व कार्य किया। भारत जोड़ो अभियान को देशभर में जबरदस्त समर्थन मिला। अब राहुल गांधी ने देशवासियों के हित में एवं लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान में भी जनता का खूब साथ मिल रहा है। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की नींव जनता के विश्वास पर टिकी है लेकिन भाजपा सरकार बड़े पैमाने पर वोटों में गड़बड़ी करके लोकतंत्र को आघात पहुंचा रही है।
चंद्रप्रकाश ने स्पष्ट किया कि किस तरह वोटों में हेराफेरी करके जनता को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े व झूठे वादे करके भाजपा ने सरकार बनाई है लेकिन अब जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। अन्नदाता किसान लगातार मुसीबतों का शिकार हो रहा है। भारी बारिश व ड्रेन टूटने से हजारों एकड़ फसल खराब हो चुकी है। जिन क्षेत्रों में अनाज सुरक्षित है, वहां से अनाज मंडी में लाने पर खरीदारी के कोई उचित प्रबंध नहीं है। इतनी ही नहीं किसान डीएपी खाद के लिए भी दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश से बर्बाद हुई फसलों व क्षतिग्रस्त हुए मकानों का उचित मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिला है।
विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि प्रदेशभर में अराजकता का माहौल है। कानून व्यवस्था ठप्प हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नशे के व्यापार को रोकने में भी भाजपा सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा चलाए गए अभियानों से जनता में जागृति आ रही है और जनता भाजपा की धोखाधड़ी व चालबाजियों को समझने लगी है। विधायक ने प्रदेश सरकार से अपील की कि किसानों की सुध लेते हुए उन्हें तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि बर्बाद हुई फसलों से आहत किसानों को कुछ राहत मिल सके।
विधायक चंद्रप्रकाश ने लगाया जनता दरबार
हिसार / मंडी आदमपुर : विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर हलकावासियों की समस्याएं सुनी। किसानों ने खेतों में जलभराव की समस्या प्रमुखता से रखी और फसलों के बर्बाद होने की जानकारी साझा की। चंद्रप्रकाश ने कहा कि हजारों एकड़ में बर्बाद हुई फसलों के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। इस दौरान टूटी सडक़ों, पेयजल व बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याएं भी सामने आई। चंद्रप्रकाश ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत करके मौके पर ही बहुत सी समस्याओं का समाधान करवाया और अन्य समस्याओं के निदान के लिए निर्देश दिए।