Home » हरियाणा » शहर में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और वायरल बुखार का प्रकोप — नगर परिषद प्रशासन की लापरवाही से बिगड़े हालात

शहर में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और वायरल बुखार का प्रकोप — नगर परिषद प्रशासन की लापरवाही से बिगड़े हालात

Facebook
Twitter
WhatsApp
105 Views
सिरसा। प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा ने कहा कि शहर में इन दिनों डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। हर मोहल्ले और गली में लोग इन बीमारियों से ग्रसित हैं। अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है, वहीं दवा की दुकानों पर बुखार की दवाइयों की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई है। शहर में हालात इतने विकट हो चुके हैं कि हर दूसरा घर किसी न किसी बुखार पीड़ित से भरा हुआ है और इन सब हालात के लिए नगर परिषद व पब्लिक हेल्थ प्रशासन जिम्मेदार है। जारी बयान में मोहित ने कहा कि समय पर फॉगिंग न होने और जलजमाव की समुचित निकासी न किए जाने से मच्छरों का साम्राज्य स्थापित हो गया। कई इलाकों में नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई, जिससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकारी व निजी अस्पतालों में रोजाना बुखार, सिरदर्द और जोड़ों में दर्द की शिकायत लेकर सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिकांश मरीज डेंगू या चिकनगुनिया से संक्रमित हैं। मोहित शर्मा ने कहा कि कई निजी अस्पतालों में तो मरीजों के लिए बेड तक उपलब्ध नहीं हैं।
 उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने केवल कागजों में फॉगिंग का कार्य दिखाया है। कई कॉलोनियों और बस्तियों में अब तक एक बार भी फॉगिंग नहीं की गई।जगह-जगह कचरे के ढेर, खुले में बहती नालियां और रुके हुए पानी के गड्ढे मच्छरों के प्रजनन स्थल बन चुके हैं। मोहित शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक सुस्ती के चलते स्थिति फिलहाल नियंत्रण से बाहर नजर आ रही है। मोहित शर्मा ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में डेंगू और मलेरिया का यह प्रकोप विकराल रूप धारण कर लेगा। प्रशासन को चाहिए कि वह केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई करे ताकि शहर को इस भयानक स्थिति से जल्द राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices