सिरसा। पूर्व विधायक स्व. मनीराम केहरवाला की 80वीं जयंती पर चौ. मनी राम केहरवाला फाऊंडेशन द्वारा शिव शक्ति ब्लड बैंक की टीम के सहयोग से ढाणी लखजी में रक्तदान शिविर लगाया गया। स्व. मनीराम केहरवाला के पुत्र डा. गंगासागर केहरवाला ने बताया कि सर्वप्रथम स्व. मनीराम केहरवाला की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। रक्तदान के लिए ग्रामीणों व युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस मौके पर डा. गंगासागर केहरवाला ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ जरूरतमंदों की जान बचाने में कारगर साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व. मनीराम केहरवाला ने हमेशा सामाजिक कार्यों के साथ-साथ मानवता की सेवा को प्राथमिकता दी, जिसके कारण वो आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं और आज भी लोगों के लिए पूजनीय हैं। सागर केहरवाला ने बताया कि ऐलनाबाद का इलाका लगभग 40 वर्षों से मनी राम केहरवाला की कर्मभूमि रही है, इसलिए उनकी हर जयंती और पुण्यतिथि पर चौ. मनीराम केहरवाला फाऊंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं और इलाके के लोग अपने जननायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर लगाने का उद्देश्य सामाजिक सेवा करना है। क्योंकि इससे जहां अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, वहीं एकत्र किया गया रक्त चिकित्सा आपात स्थितियों में मरीजों की जान बचाने के लिए काम आएगा। डा. केहरवाला ने कहा कि इस तरह के शिविर समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को भी बढ़ावा देते हैं। रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि एक सप्ताह के खानपान से इसकी पूर्ति हो जाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। क्योंकि इसे किसी फैक्ट्री में पैदा नहीं किया जा सकता। केवल और केवल दान ही इसका एकमात्र विकल्प है। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे अपने घरों में किसी भी शुभ अवसरों पर इस प्रकार के सामाजिक आयोजन करें, ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके। रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर चौ. मनी राम केहरवाला फाऊंडेशन के सचिव व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सागर केहरवाला को डॉक्टर आरएम अरोड़ा ने स्मृति चिन्ह व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष जयकरण कटारिया, बनवारी लाल सहारण, देवीलाल कटारिया, सतपाल रोलन, अभिषेक केहरवाला, भानी सिंह राजपूत, नरजीत इंसा, महावीर सिहाग, डा. बाज सिंह, विनोद लूणा, केशव कटारिया, अनिल कुमार, प्रदीप गिदड़ आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रक्तदान शिविर लगाकर दी पूर्व विधायक स्व. मनीराम केहरवाला को श्रद्धांजलि
Facebook
Twitter
WhatsApp



