Home » हरियाणा » पढ़े-लिखे युवाओं को सफाईकर्मी की नौकरी के लिए कतार में खड़ा होना पड़ रहा है, यह सरकार की रोजगार नीतियों की विफलता का प्रमाण : कुमारी सैलजा

पढ़े-लिखे युवाओं को सफाईकर्मी की नौकरी के लिए कतार में खड़ा होना पड़ रहा है, यह सरकार की रोजगार नीतियों की विफलता का प्रमाण : कुमारी सैलजा

Facebook
Twitter
WhatsApp
4 Views

 

 

चंडीगढ़, 21 जून।

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य, सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा है कि हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। प्रदेश में लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकारी विभागों में लगभग दो लाख पद रिक्त पड़े हैं। इसके बावजूद सरकार नियमित भर्ती प्रक्रिया को गति देने में असफल साबित हुई है।

 

कुमारी सैलजा ने हिसार स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में सफाईकर्मी के एक पद के लिए सैकड़ों युवाओं द्वारा आवेदन किए जाने की घटना को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि जिस पद के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई थी, उसके लिए एमए, बीएड, एमफिल तथा अन्य उच्च शिक्षित युवा परीक्षा देने पहुंचे। यह स्थिति केवल एक भर्ती की कहानी नहीं, बल्कि प्रदेश में रोजगार के अवसरों की वास्तविक तस्वीर को सामने लाती है।

 

सांसद ने कहा कि सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब उच्च शिक्षित युवा भी चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए मजबूर होकर आवेदन कर रहे हैं, तब कम शिक्षित युवाओं के लिए अवसर कहां बचेंगे। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में रोजगार सृजन की गति युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। कुमारी सैलजा ने कहा कि सफाईकर्मी जैसे पद के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में उच्च स्तर के प्रश्न पूछे जाने और भर्ती प्रक्रिया में वर्षों की देरी ने भी युवाओं की निराशा को बढ़ाया है। युवा वर्षों तक भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा करते रहते हैं, जबकि उनकी आयु और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं।

 

सांसद सैलजा ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि युवाओं को उनकी योग्यता और शिक्षा के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रदेश में रिक्त पड़े सरकारी पदों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से भरने की आवश्यकता है ताकि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिल सके और उनकी प्रतिभा का उचित उपयोग हो सके।

 

कुमारी सैलजा ने राज्य सरकार से मांग की कि सभी विभागों में रिक्त पदों का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब समाप्त किया जाए तथा रोजगार सृजन के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा अवसर चाहता है, केवल आश्वासन नहीं।

 

बॉक्स

 

प्रदेश में कानून व्यवस्था गंभीर : सैलजा

 

सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने रोहतक जिले के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग की घटना को प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का चिंताजनक उदाहरण बताया है। कुमारी सैलजा ने कहा कि जब किसी विधायक के कार्यालय के बाहर, वह भी थाने से कुछ ही दूरी पर, खुलेआम फायरिंग की घटना हो सकती है तो आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक रूप से गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, गोलीबारी, लूट और फिरौती के मामले कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता बढ़ा रहे हैं।

 

सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के लोग सुरक्षित वातावरण चाहते हैं और सरकार को कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावी तथा ठोस कदम उठाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices