5 Views
फतेहाबाद, 23 जुलाई:-पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में जिले में आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना फतेहाबाद की टीम ने मॉडल टाउन सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, फतेहाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में स्कूल के लगभग 320 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
थाना साइबर क्राईम फतेहाबाद की सहायक उप निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि कोई भी सरकारी एजेंसी, पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसे फर्जी कॉल, मैसेज या धमकियों से घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करने की सलाह दी गई।
साइबर थाना टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने, फर्जी लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, बैंक संबंधी विवरण एवं पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने के बारे में जागरूक किया।विद्यार्थियों को अभेद्य ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह ऐप साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षा के लिए उपयोगी है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं ऐप का उपयोग करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया गया। उन्हें संदेश दिया गया कि वे भविष्य में न तो दहेज लें और न ही दहेज दें, बल्कि समाज में समानता, सम्मान एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाएं।
Post Views: 5



