6 Views
सिरसा। अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में डीएसपी सुभाष चंद्र ने रानियां थाना में जांच अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों की बैठक लेकर उनके कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएसपी ने कहा कि विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जांच को मजबूत करते हुए अदालत में प्रभावी ढंग से पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों के अनसुलझे मामलों में महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर जल्द समाधान करने तथा वांछित आरोपियों और भगोड़ों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर समय-समय पर उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाए। वहीं, नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों और नशे से संबंधित मामलों में दोषसिद्ध व्यक्तियों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाए। डीएसपी सुभाष चंद्र ने चोरी, वाहन चोरी व गृहभेदन जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में पुलिस चेकिंग और पैदल गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने पीएम विंडो, सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायत गंभीरता से सुनकर उन्हें शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान डीएसपी ने थाना का रिकॉर्ड भी जांचा और सभी रिकॉर्ड को कंप्यूटरीकृत एवं अपडेट रखने तथा उच्च अधिकारियों को मांगी गई रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश दिए।
Post Views: 5


