4 Views
सिरसा। साइबर अपराधी अब ठगी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल के दिनों में कॉरपोरेट जगत मे “बॉस स्कैम” और “एक्सप्रेस ऑनलाइन शॉपिंग” जैसे साइबर फ्रॉड तेजी से सामने आ रहे हैं। एसपी दीपक सहारन ने सिरसा पुलिस की और से विशेष एडवाजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही से बैंक खाते की जमा पूंजी पल भर में साफ हो सकती है। “बॉस स्कैम” में साइबर ठग किसी कंपनी के मालिक, सीईओ या वरिष्ठ अधिकारी की प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर कर्मचारियों को मैसेज भेजते हैं। मैसेज में किसी जरूरी भुगतान या तत्काल ट्रांसफर का दबाव बनाया जाता है। कई कर्मचारी बिना पुष्टि किए रकम भेज देते हैं और बाद में पता चलता है कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।इसके अलावा ठग व्हाट्सएप वेब हैक करने के लिए फर्जी लिंक, एपीके या जिप फाइल भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति ऐसी फाइल डाउनलोड या ओपन करता है, उसके मोबाइल या कंप्यूटर का एक्सेस साइबर अपराधियों के हाथ लग सकता है। इसके बाद वे निजी जानकारी चुराने के साथ-साथ बैंकिंग और सोशल मीडिया खातों का भी दुरुपयोग कर सकते हैं।साइबर अपराधियों का एक और नया तरीका “एक्सप्रेस ऑनलाइन शॉपिंग” है। इसमें ठग सीधे बैंक खाते से नकदी निकालने के बजाय ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर महंगे सामान की खरीदारी कर लेते हैं। कई मामलों में पीड़ित को तब तक जानकारी नहीं होती, जब तक बैंक खाते से भुगतान का संदेश नहीं आ जाता। एसपी दीपक सहारन का कहना है कि यदि किसी वरिष्ठ अधिकारी या परिचित के नाम से पैसों की मांग वाला मैसेज आए तो पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर उसकी पुष्टि जरूर करें। किसी भी अनजान लिंक, एपीके, जिप फाइल या संदिग्ध अटैचमेंट को डाउनलोड या ओपन करने से बचें। अपने मोबाइल, कंप्यूटर और बैंकिंग ऐप्स को हमेशा अपडेट रखें तथा व्हाट्सएप वेब में समय-समय पर लॉगिन डिवाइस की जांच करते रहें।यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं, किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर जल्दबाजी में भरोसा न करें और जागरूक रहकर स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और सहकर्मियों को भी ऐसे नए साइबर फ्रॉड से बचाएं।
Post Views: 3



