सिरसा। भारतीय जनता पार्टी, सिरसा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने सिरसा के विश्वप्रसिद्ध किन्नू को जी.आई. टैग मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे सिरसा जिले, विशेषकर किसानों एवं बागवानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सिरसा के किन्नू को जी.आई. टैग दिलाने की दिशा में किए गए प्रयास किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि सिरसा का किन्नू अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता, प्राकृतिक मिठास और विशेष सुगंध के कारण वर्षों से देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। अब जी.आई. टैग मिलने से सिरसा किन्नू को एक विशिष्ट पहचान प्राप्त होगी, जिससे इसकी मौलिकता सुरक्षित रहेगी और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी विश्वसनीयता और मांग दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि जी.आई. टैग का सबसे बड़ा लाभ सिरसा के किसानों और बागवानों को मिलेगा। इससे उनके उत्पाद को बेहतर पहचान और उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी, साथ ही नकली उत्पादों पर भी रोक लगेगी। यह सिरसा के कृषि क्षेत्र को नई मजबूती देने वाला निर्णय है। उन्होंने यह भी कहा कि सिरसा में प्रस्तावित किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट जैसी योजनाएं भविष्य में किसानों को और अधिक लाभ पहुंचाएंगी तथा जिले के कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देंगी। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सिरसा के सभी किसानों, बागवानों एवं नागरिकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि सिरसा के किन्नू को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ किसानों की समृद्धि और जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सिरसा के किन्नू को जी.आई. टैग मिलना जिले और किसानों के लिए गौरव का विषय: यतींद्र सिंह
Facebook
Twitter
WhatsApp
jantareporter
टॉप स्टोरी
पंचांग
Powered by Astro-Vision



