3 Views
सिरसा। संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना पुलिस ने फ्रूट विक्रेता से 10 हजार रुपये की लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मात्र 24 घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स गाड़ी तथा लूटी गई रकम भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।शहर थाना प्रभारी ने बताया कि गांव सिदकी, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा (झारखंड) निवासी डाढ़ु यादव ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से जगदेव सिंह चौक, सर्कुलर रोड पर फ्रूट बेचने का काम करता है। 27 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे एक ईको स्पोर्ट्स गाड़ी में सवार होकर दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने 150 रुपये के सेब खरीदने की बात कही और 500 रूपए देकर बाकी पैसे वापस देने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, जब फल विक्रेता ने जेब से पैसे निकालने कर देने लगा तो दोनों आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की और उसे गाड़ी से घसीटते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान शहर थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी प्रवीण पुत्र प्रेम निवासी वार्ड नंबर 1 शक्ति नगर फतेहाबाद व मुकेश उर्फ भोला पुत्र विनोद निवासी कबीर बस्ती वार्ड नंबर 20 फतेहाबाद को सिरसा शहर क्षेत्र से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी सहित काबू कर लिया। पुलिस ने लूटी गई पूरी राशि भी बरामद कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच आगे जारी है।
Post Views: 2

