3 Views
सिरसा । रानियां थाना परिसर में रविवार को डीएसपी सुभाष चंद्र ने जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और आमजन से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले की निष्पक्षता से जांच कर पीड़ित को समय पर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।डीएसपी ने विशेष रूप से सीएम विंडो, पीएम विंडो और महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना में अपनी समस्या लेकर आने वाला प्रत्येक फरियादी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। उसकी बात ध्यान से सुनकर नियमानुसार जल्द कार्रवाई की जाए। पुलिस का व्यवहार ऐसा हो कि आमजन बिना किसी झिझक के अपनी समस्या पुलिस के सामने रख सके।उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है। इसलिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें।बैठक में डीएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जांच अधिकारियों से कहा कि वे अपने मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा कानून व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
Post Views: 2


