Home » देश » भाजपा एक बार फिर हिसार एयरपोर्ट के उदघाटन की तैयारी में जुटी

भाजपा एक बार फिर हिसार एयरपोर्ट के उदघाटन की तैयारी में जुटी

Facebook
Twitter
WhatsApp
127 Views

– बार-बार मंत्रियों द्वारा उदघाटन करने के बाद अब प्रधानमंत्री करेंगे हिसार एयरपोर्ट का उदघाटन : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल
– हिसार एयरपोर्ट के नाम पर भाजपा अपने हित साध रही, सरकारी मशीनरी व संसाधनों का हो रहा दुरुपयोग : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल
– हिसार एयरपोर्ट का उदघाटन करने के लिए बार-बार आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने बताया हास्यास्पद

हिसार : हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने हिसार एयरपोर्ट के 14 अप्रैल को एक बार फिर किए जाने वाले उदघाटन कार्यक्रम को हास्यास्पद बताया है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट का विभिन्न मंत्रियों द्वारा सात-आठ बार उदघाटन किया जा चुका है। उदघाटन की परिपाटी पर चलते हुए एक बार फिर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उदघाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भाजपा की विशाल रैली भी प्रस्तावित है।
खोवाल ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट का बार-बार उदघाटन करके जहां करोड़ों रुपये व सरकारी उपक्रमों का दुरुपयोग किया जा रहा है, वहीं इस एयरपोर्ट के नाम पर भाजपा जनता को बरगलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर 14 अप्रैल को एयरपोर्ट उदघाटन व भाजपा की रैली के लिए सरकारी संसाधनों, सरकारी मशीनरी व सरकारी विभागों के कर्मचारियों को झोंक दिया गया है। रैली में भीड़ दिखाने के लिए जहां सरकारी बसें व विभिन्न विद्यालयों की बसों का इस्तेमाल किया जाएगा, वहीं बहुत से कर्मचारी अपना काम छोडक़र रैली को सफल बनाने के लिए वहां उपस्थित रहेंगे।
एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भाजपा ने एयरपोर्ट को महाराजा अग्रसेन के नाम पर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए लेकिन महाराजा अग्रसेन का कहीं नाम तक नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश के प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारत रत्न डॉ. भीमराव की खिल्ली उड़ाते हैं और हिसार में बाबा साहेब की जयंती पर एयरपोर्ट के उदघाटन का प्रपंच रचा जा रहा है। खोवाल ने कहा कि बाबा साहेब का सम्मान करने का सबसे सही स्थान लोकसभा है लेकिन वहां पर भाजपा अपमान करती है और जनता को भ्रमित करने के लिए बाबा साहेब की जयंती पर उदघाटन का नाटक किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मन में कुछ है और जनता को दिखाने के लिए कुछ है। यदि भाजपा वास्तव में बाबा साहेब का सम्मान करती तो हिसार एयरपोर्ट पर उनकी प्रतिमा स्थापित करके उसका प्रधानमंत्री द्वारा उदघाटन किया जाना चाहिए था या डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर एयरपोर्ट में कोई उपक्रम शुरू किया होता तो वह तर्कसंगत कहलाता। इसके विपरीत बाबा साहेब के नाम पर भाजपा द्वारा केवल अपने हित साध रही है।

बॉक्स : एयरपोर्ट के सुरक्षा मानकों पर सवाल
हिसार : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा हिसार एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू करने पर भी संदेह है क्योंकि इस एयरपोर्ट के सुरक्षा मानकों पर सवाल उठते रहे हैं। यहां पर जंगली जानवर व बेसहारा पशुओं के कारण किसी भी समय दुर्घटना की आशंका है। उन्होंने कहा कि बार-बार सर्च अभियान चलाने के बावजूद कोई न कोई जानवर या पशु एयरपोर्ट परिसर में दिखाई दे जाता है।

बॉक्स : सांसद कुमारी सैलजा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर करेंगी माल्यार्पण
हिसार : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कुमारी सैलजा 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती पर प्रात: 9 बजे हिसार के लघु सचिवालय में स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसी दिन दोपहर 12 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा द्वारा सिरसा के गांव कालांवाली में आयोजित कार्यक्रम में सांसद कुमारी सैलजा सम्मिलित होंगी। कुमारी सैलजा इस दौरान भारत रत्न डॉ. अंबेडकर के जीवन व दर्शन पर विचार व्यक्त करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices