पुलिस अधीक्षक डबवाली सिद्धान्त जैन के दिशानिर्देशानुसार व उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कपिल अहलावत के कुशल नेतृत्व में थाना औढ़ा पुलिस टीम द्वारा गांव औढ़ा में कबड्डी को खेल करवाकर मौजूद खिलाड़ियों को नशे के दुष्परिणामों व खेलों के लाभ के बारे अहम जानकारी दी गई ।
डबवाली पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है और अलग-अलग पुलिस टीम विभिन्न स्कूल कॉलेज में व गांवों पहुंचकर लोगों को इसके बारे में अहम जानकारियां प्रदान कर रही हैं। इसी के तहत गांव औढ़ा मे कबड्डी खेल रहे युवाओं को नशा मुक्ति के बारे में विशेष जानकारी देते हुए एसपीओ गुरजंट सिंह ने बताया कि युवावस्था में कई बार गलत संगत में पड़ जाने की वजह से कुछ नवयुवक कम उम्र में ही नशे के शिकार हो जाते हैं और शराब या धूम्रपान करना शुरू कर देते हैं और धीरे-धीरे यह उनकी आदत में शुमार हो जाता है । इसके पश्चात आगे चलते-चलते नशे की मात्रा बढ़ने लगती है और वह कई बार ओर भी गंभीर मादक पदार्थ जैसे गांजा अफीम चरस जैसे नशीले पदार्थों का शिकार हो जाता है । नशे के कारण बहुत सी समस्याएं पैदा होती हैं जिसमें सबसे पहले है स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं जिसमें व्यक्ति अंदर से खोखला होने लगता है और व्यक्ति को कमजोरी महसूस होने लगती है परंतु वह नशे की आदत के कारण इस लत को छोड़ नहीं पाता । नशे में व्यक्ति अपने परिजनों के साथ भी लड़ाई झगड़ा करता है जिसकी वजह से उसकी अपने साथियों और परिजनों के साथ अनबन शुरू हो जाती है । इसके अलावा नशा करने वाला व्यक्ति अपनी धन संपत्ति को नशे में उड़ाने लगता है और पैसा खत्म होने के बाद वह चोरी लूट जैसी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर देता है जिसकी वजह से वह अपराध जगत में कदम रखता है और यह छोटे-मोटे अपराध आगे चलकर बड़ा रूप धारण कर लेते हैं तथा कई बार नशे में व्यक्ति पैसों के लिए डकैती या हत्या जैसी गंभीर वारदातों को भी अंजाम दे देता है । पुलिस टीम ने बताया कि उक्त समस्याओं से बचने का एक ही उपाय है कि आप नशे से दूर रहें तथा जिस व्यक्ति को नशे की लत लग चुकी है वह योग व्यायाम करें और अपने मन को इतना मजबूत बनाएं कि वह अपने आप को नशे से दूर रख सके। इसके साथ ही उन्होंने नशा तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए आमजन को इन कार्यों में संलिप्त आरोपियों की सूचना पुलिस को दे ताकी उनकी धरपकड़ की जा सके । सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा ।

