स्कूल संचालक व प्रधानाचार्य स्कूलों में मनोरंजन व खेलकूद के कार्यक्रम करवाएं जिससे बच्चे तनाव मुक्त रहकर बुरी आदतों से दूर रहेः- एसपी डबवाली
पुलिस अधीक्षक डबवाली श्रीमती निकिता खट्टर आईपीएस ने नशे पर प्रहार करने व विद्यार्थियों की सुरक्षा के मुद्दे को देखते हुए अपने कार्यालय में सभी सरकारी व निजी स्कूल संचालकों की बैठक ली । बैठक में महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कमला देवी व सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य व संचालक मौजूद रहे ।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार की बैठक समय-समय पर होती रही हैं । हर बैठक में दिए जाने वाले सुझावों व शिकायतों पर काम करने के लिए डबवाली पुलिस पूर्ण रूप से कटिबद्ध है । पूर्व में हुई बैठकों में स्कुल के प्रधानाचार्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर काफी काम किया गया है । इस संबंध में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है । जिस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना व चौकी प्रबंधकों ने उनके एरिया में पड़ने वाले शिक्षण संस्थानों पर उनके शुरू होने व छुट्टी होने के बाद गश्त की जा रही है व आवारा किस्म के लोगों पर कार्यवाही की जा रही है । जिसकी इस बैठक में स्कूल प्रबंधकों ने कहा कि अब स्थिति सामान्य है । उन्होने डबवाली पुलिस के कार्यों की प्रशंसा की व डबवाली पुलिस का धन्यवाद किया ।
स्कूल संचालकों व प्रधानाचार्यों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य अपने अपने स्कूलों में डांस, क्विज काम्पीटीशन व खेलकूद प्रतिस्पर्धा जैसे मनोरंजन कार्यक्रम करवाएं ताकि विद्यार्थी तनाव मुक्त होकर पढाई कर सकें । हर स्कूल में कम से कम एक मनोवैज्ञानिक व काउंसलर नियुक्त करें ताकि बच्चों को आने वाली समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जा सके जिससे कि वे तनाव मुक्त रहे व दबाव में आकर कोई गलत कदम जैसे नशे की लत में न पड़ें । सभी शिक्षक बच्चों को टैब के सही इस्तेमाल के बारे में बताएं और सोशल मीडिया के नुकसान बारे जागरूक करें । सभी विद्यार्थियों के अलग अलग बडी पेयर बनाएं ताकि वे किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने बडी को बता सकें । सभी स्कूलों में CCTV कैमरे लगवाने तथा समय समय पर संबंधित थाना द्वारा उनकी चेकिंग की जाए ।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में पड़ने वाले स्कूलों, हॉटस्पॉट एरिया में स्कूल शुरु होने व छुट्टी होने के समय पर गश्त करने व आवारागर्दी करने वाले व विद्यार्थियों को परेशान करने वाले लोगों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए । साथ ही वहां पर आवारा घूमने वाले लोगों के बुलेट पटाखा व ट्रिपल राइडिंग करने वालो पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए । स्कूलों में समय समय पर महिला सुरक्षा,साइबर अपराध,नशा बारे, बाल सुरक्षा बारे जागरूकता कार्यक्रम करने के निर्देश दिए । सभी स्कूल प्रबंधकों ने पुलिस अधीक्षक का धन्यवाद किया व डबवाली पुलिस का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्कूल प्रबंधकों को किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उनकी हर संभव सहायता की जाएगी । डबवाली पुलिस आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर है ।



