Home » देश » आमजन की समस्याओं का हो स्थायी समाधान

आमजन की समस्याओं का हो स्थायी समाधान

Facebook
Twitter
WhatsApp
589 Views

– समाधान प्रकोष्ठï के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने शिकायतों की समीक्षा की
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से स्थायी समाधान करना है, इसलिए सभी अधिकारी समाधान शिविर या अन्य माध्यम से आने वाली जन शिकायतों के निवारण के लिए किसी भी प्रकार की देरी न करते हुए तय समय में स्थायी समाधान करें।
वे शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सोमवार और वीरवार को आयोजित समाधान शिविर, सीएम विंडो व अन्य माध्यम से आईं शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत जिलावासी एक ही छत के नीचे अपनी विभिन्न प्रकार की समस्या जिला प्रशासन के समक्ष रख सकता है। ये समाधान शिविर आमजन की समस्या का हल करने के लिए एक सशक्त माध्यम बन रहे हैं।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि आमजन इन समाधान शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाकर अपनी समस्याएं हल करवा सकते हैं। विभागीय अधिकारी अपने स्तर पर समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंगकरें। यदि शिकायत के मामले में किसी प्रकार के मार्गदर्शन की आवश्यकता है तो तुरंत मांगा जाए ताकि समस्या का समय पर समाधान हो। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष, जो शिकायतें उनके कार्यालय से संबंधित है, उन पर संज्ञान लें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करें। उन्होंने बताया कि प्राप्त 5879 जन शिकायतों में से 4511 का समाधान किया जा चुका है और 786 शिकायतों पर काम चल रहा है। इसके अलावा 335 शिकायतें खारिज की जा चुकी है, वहीं 119 जनशिकायतें रिओपन है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न करें ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
इस मौके पर डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल, सीईओ जिला परिषद डा. सुभाष चंद्र, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, सिंचाई विभाग से कार्यकारी अभियंता मंदीप बेनीवाल, जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार, डीआरओ संजय चौधरी, डीडीपीओ बलजीत सिंह, ललित कुमार, गुलशन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
————-
गर्मी से बचाव के लिए एहतियात बरते नागरिक: उपायुक्त शांतनु शर्मा
जिला प्रशासन ने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जिलावासियों से आह्वान किया है कि वे हीट स्ट्रोक से बचने के लिए जरूरी बचाव, उपाय व सावधानियां बरतें। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि हीट वेव की स्थिति शारीरिक तनाव के साथ-साथ यह जानलेवा भी हो सकती है। हीट वेव के प्रभाव को कम करने और हीट स्ट्रोक के कारण गंभीर बीमारी या मृत्यु से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।
क्या करें-
स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान के लिए समाचार पत्र पढ़ें, रेडियो सुनें, टीवी देखें ताकि अपने क्षेत्र में गर्मी की तीव्रता का पता रहे। पर्याप्त पानी पीएं, हल्के रंग के ढीले और छिद्रपूर्ण सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय काला चश्मा, छाता, पगड़ी, दुपट्टा, टोपी, जूते या चप्पल पहनें। यात्रा करते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें, जो शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करते हैं।
कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, दौरे जैसे हीट स्ट्रोक, हीट रैश के संकेतों को पहचानें। यदि आप बेहोश या बीमार महसूस करते है तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। अपने घर को ठंडा रखें। धूप से बचने के लिए दिन के दौरान पर्दे, शटर का उपयोग करें किंतु रात में खिड़कियां खुली रखें। पंखे का प्रयोग करें और ठंडे पानी से नहाएं। कार्य स्थल के पास ठंडा पेयजल उपलब्ध रखें। श्रमिक सीधी धूप से बचने के लिए जरूरी सावधानी बरतें। कार्य के लिए दिन के कम तापमान वाले समय का चयन करें। बाहरी गतिविधियां कम करें। गर्भवती महिलाओं और श्रमिकों को गर्मी से बचाव पर अतिरिक्त ध्यान देना चाहिए।
क्या न करें-
धूप में बाहर जाने से बचें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने का प्रयास करें। गहरे, भारी या तंग कपड़े पहनने से बचें। बाहरी तापमान अधिक होने पर कठोर श्रम वाली गतिविधियों से बचें। अधिक गर्मी के समय खाना पकाने से बचें। खाना पकाने के क्षेत्र को पूरी तरह से हवादार बनाएं जिसके लिए दरवाजे और खिड़कियां खोलें। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय पीने से बचें। उच्च प्रोटीन वाले तथा बासी भोजन न करें। बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए भरपूर पानी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices