Home » राजनीति » मोदी सरकार के 12 वर्षों में हरियाणा बना विकास का अग्रणी मॉडल: यतींद्र सिंह

मोदी सरकार के 12 वर्षों में हरियाणा बना विकास का अग्रणी मॉडल: यतींद्र सिंह

Facebook
Twitter
WhatsApp
5 Views

केंद्र की वित्तीय सहायता, आधुनिक परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं ने बदली हरियाणा की तस्वीर
सिरसा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस परिवर्तनकारी यात्रा में हरियाणा भी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होकर उभरा है। केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों, वित्तीय सहयोग और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण के कारण हरियाणा ने आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। यतींद्र सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों को अधिक आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों को लागू करते हुए राज्यों का हिस्सा 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किया गया, जिसका प्रत्यक्ष लाभ हरियाणा को मिला। वर्ष 2004 से 2014 के दौरान हरियाणा को कर हस्तांतरण के रूप में लगभग 19,575 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, जबकि जून 2026 तक यह राशि बढ़कर 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। यह लगभग 447 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है। उन्होंने उल्लेख किया कि केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले अनुदानों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2004 से 2014 के दौरान हरियाणा को लगभग 21,564 करोड़ रुपये के अनुदान प्राप्त हुए थे, जबकि जून 2026 तक यह आंकड़ा 94,170 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उनके अनुसार यह प्रधानमंत्री मोदी की राज्यों के संतुलित और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दशार्ता है। कोविड महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर का जिक्र करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष सहायता योजना शुरू की। इसके तहत हरियाणा को वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच लगभग 5,576 करोड़ रुपये का 50 वर्षों के लिए ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया। इस वित्तीय सहयोग से अनेक पूंजीगत परियोजनाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिली। रेलवे क्षेत्र में हुए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए यतींद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में रेलवे का आधुनिकीकरण प्रमुख रहा है। वर्ष 2024-25 में हरियाणा के लिए रेलवे बजट आवंटन बढ़कर 3,383 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि 2009-14 के दौरान यह औसतन केवल 315 करोड़ रुपये था। राज्य का रेलवे नेटवर्क पूर्ण रूप से विद्युतीकृत हो चुका है और लगभग 15,875 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 नई रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 34 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। सड़क अवसंरचना में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हरियाणा देश के सर्वश्रेष्ठ सड़क नेटवर्क वाले राज्यों में शामिल हुआ है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे तथा अंबाला-कोटपुतली कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं ने राज्य की आर्थिक क्षमता को नई मजबूती प्रदान की है। जून 2025 तक हरियाणा में 3,347 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्ग विकसित किए जा चुके हैं। यतींद्र सिंह ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, बहादुरगढ़ और बल्लभगढ़ में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तथा गुरुग्राम की नई मेट्रो परियोजना शहरी परिवहन को नई दिशा दे रही है। साथ ही हिसार हवाई अड्डे का विस्तार और उड़ान योजना के तहत नई हवाई सेवाओं की शुरूआत से प्रदेश के लोगों को बेहतर हवाई संपर्क की सुविधा प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में 2,600 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अमृता अस्पताल की स्थापना, रेवाड़ी में एम्स परियोजना तथा झज्जर में केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान जैसे संस्थानों ने हरियाणा की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान दी है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। कृषि, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में हुए निवेश को महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय कृषि अनुसंधान और आधुनिक खेती को नई दिशा देगा। वहीं यमुनानगर में 800 मेगावाट की तापीय विद्युत इकाई, संपीड़ित बायोगैस संयंत्र और मुंद्रा-पानीपत कच्चा तेल पाइपलाइन जैसी परियोजनाएं राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाएंगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव का उल्लेख करते हुए यतींद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ हरियाणा के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। जनधन योजना के तहत 1.09 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, आयुष्मान भारत के अंतर्गत 1.38 करोड़ से अधिक कार्ड बनाए गए, 11 लाख से अधिक परिवारों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला तथा 16 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का सीधा लाभ प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त मुद्रा योजना के तहत 81 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए, जिससे लाखों युवाओं और उद्यमियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिले। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा एक मजबूत भागीदार के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय ने विकास को नई गति प्रदान की है। आज हरियाणा केवल विकास का साक्षी नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है। अंत में यतींद्र सिंह ने कहा कि आने वाले वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सैनी सरकार के संयुक्त प्रयास प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति के नए शिखर तक पहुंचाएंगे तथा हरियाणा देश के विकास मॉडल के रूप में और अधिक सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices