5 Views
सिरसा। जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने रानियां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को हजारों रूपए की 16 ग्राम 33 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रानियां थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सीआईए ऐलनाबाद की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान ऐलनाबाद से होते हुए रानियां की तरफ जा रही थी । इस दौरान पुलिस पार्टी जब रानियां थाना क्षेत्र के गांव हरिपुरा के नजदीक पंहुची तो गांव हरिपुरा की तरफ से बाइक सवार दो नौजवान युवक आते दिखाई दिए। उक्त बाइक सवार युवकों ने सामने पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त बाइक सवार युवकों को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली तो उनके कब्जे से 16 ग्राम 33 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीआईए प्रभारी ने बताया की गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सतपाल पुत्र गुलाब सिंह निवासी टिब्बी, राजस्थान व कुलदीप पुत्र जसपाल निवासी हरिपुरा तहसील रानियां जिला सिरसा के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन को लेकर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 4