गांव लोहगढ़, जोता वाली,आसाखेड़ा व भारूखेड़ा में ग्रामीणों के सहयोग से नशे के खिलाफ कमेटियों का गठन
नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस के इस नशा मुक्त समाज अभियान को सार्थक रूप देने में हर एक नागरिक की अहम भूमिकाः-सब इन्सपेक्टर आनंद कुमार
डबवाली पुलिस नशे पर नकेल कसने व नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने में कड़ा रुख अपना रही है । जिसके तहत लगातार नशा तस्करों को काबू कर उन्हें उनकी असली जगह जेल भेजने की दिशा में कार्य कर रही है । परन्तु नशा तस्करी नेटवर्क की जड़ों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज के हर नागरिक की सम्पूर्ण भागीदारी अति आवश्यक हैं । आम जन से सहयोग के बिना हर अभियान अधूरा है । पुलिस टीमों द्वारा लगातार इस क्षेत्र में आमजन को नशे के दुष्परिणामों से सचेत करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, दूसरी युवा पीढ़ी को नशे की गर्त से बचाने के लिए हर गांव के खेल मैदानों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए भिन्न-भिन्न प्रकार की खेलकूद की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ।
इन्हीं प्रयासों को नई दिशा देने व आमजन को नशे के खिलाफ प्रत्यक्ष भागीदारी निभाने के लिए लामबंद करते हुए प्रभारी चौकी चौटाला उप नि. आनंद कुमार ने गांव लोहगढ़, जोता वाली, आसाखेड़ा व भारुखेड़ा में ग्रामीणों को एकजुट कर नशे के खिलाफ कमेटियां गठित की गई । प्रभारी चौकी चौटाला ने बताया कि इन कमेटियों में गांव के युवाओं व मौजिज व्यक्तियों को शामिल किया गया है । जो नशे की तस्करी से संबंधित सूचना पुलिस को देंगे जो पुलिस द्वारा तुरंत एक्शन लिया जाएगा । डबवाली पुलिस की नशा मुक्त समाज मुहिम को नई दिशा देने में यह पहल बहुत कारगर सिद्ध होगी । जिसमें जमीनी तौर पर नशे की जड़ तक जाकर इसका खात्मा किया जा सकेगा । इसी अभियान में स्पोर्ट्स एसपीओ द्वारा भी गांव गांव जाकर सरपंच से मिलकर गांव मटदादू, चकजालू, नुहियांवाली व अन्य गांवों में पहले ही कमेटियां बनाई जा चुकी है । उन्होने बताया कि गलत संगत में पड़कर नौजवान बच्चे शौक शौक में नशे की बुरी लत को पाल लेते हैं । नशा करने वाला व्यक्ति बाद में नशे की पूर्ति के लिए अन्य अपराधों का जन्म ले लेता है जिसमें नौजवान चोरी, स्नैचिंग, लूट तथा अवैध हथियार के साथ वारदातों को अंजाम देते हैं जिसके कारण उनकी हंसती खेलती जिंदगी बर्बाद हो जाती है । जिसके कारण युवा इस दलदल में फंसते ही चले जाते हैं । ऐसे समय में युवाओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें । किसी भी प्रकार की समस्या नजर आने पर आराम से बात कर उन्हें इस दलदल में से निकलने में सहायता करें व उनका मार्गदर्शन करें और बुरी संगति से दूर रहने की सलाह दें । क्योंकि हमें नशे से शुरुआत में ही लड़ना होगा जिससे कि हम अपनी स्वास्थ्य व धन के साथ अपने परिवार की खुशियों को बचा सके
नशा तस्करी से सम्बन्धित शिकायतों के लिए उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा शुरू की गई मानस हेल्पलाइन के बारे में भी अहम जानकारी दी । उन्होंने कहा कि अगर उनके क्षेत्र में कोई नशा तस्करी,नशा बेचने संबंध में कार्य करता है तो वे नशा से संबंधित शिकायतों के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन न, 1933 पर कॉल करें । यह पोर्टल एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के लिए 24×7 ड्रग संबंधित मामलों की रिपोर्ट करने के लिए एक अनुकूल मंच प्रदान करना है । इसके अलावा अपने नजदीकी थाना, चौकी व नशा मुक्ति टीम के मो. न. 9138999731 व कन्ट्रोल रूम डबवाली 9138999732 पर अपनी शिकायत दे सकते हैं । डबवाली पुलिस आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है ।चौकी प्रभारी ने विश्वास दिलाया कि नशा तस्करी से संबंधित सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी । जनसभा में मौजूद सभी ग्राम वासियों ने पुलिस का सहयोग करने व नशे को जड़ से मिटाकर नशा मुक्त समाज अभियान को सार्थक रूप देने का आश्वासन दिया ।


