Home » हरियाणा » भाजपा के 12 वर्ष प्रचार, नाम बदलने और वादाखिलाफी के रहे : सैलजा

भाजपा के 12 वर्ष प्रचार, नाम बदलने और वादाखिलाफी के रहे : सैलजा

Facebook
Twitter
WhatsApp
4 Views

 

 

कहा-कांग्रेस सरकारों द्वारा स्थापित संस्थानों पर खड़ा है आज का भारत

 

चंडीगढ़/सिरसा, 11 जून।

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) की सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी पिछले 12 वर्षों से देश को नए नारों, नए अभियानों और पुरानी योजनाओं को नया नाम देकर गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि प्रचार प्रबंधन रही है, जबकि जनता से किए गए अधिकांश बड़े वादे अधूरे रह गए हैं।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज भाजपा और उसके नेता देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को छोटा दिखाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को असाधारण रूप से बड़ा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इतिहास तथ्यों से चलता है, प्रचार से नहीं।

 

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि जब भारत आजाद हुआ था, तब देश के पास न पर्याप्त उद्योग थे, न वैज्ञानिक संस्थान, न आधुनिक आधारभूत ढांचा और न ही आर्थिक संसाधन। ऐसे कठिन समय में पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी गई।

सांसद ने कहा कि भाखड़ा-नांगल जैसी विशाल सिंचाई एवं बिजली परियोजनाएं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योग, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थान, परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम, इस्पात संयंत्र, देशव्यापी रेलवे और विद्युत विस्तार जैसी परियोजनाओं ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। आज देश जिन संस्थाओं और आधारभूत संरचनाओं पर गर्व करता है, उनमें से अधिकांश की नींव कांग्रेस सरकारों ने रखी थी।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि विडंबना यह है कि जिन सार्वजनिक संस्थानों ने देश को मजबूत बनाया, आज भाजपा सरकार उन्हीं सार्वजनिक संपत्तियों के निजीकरण और विनिवेश में लगी हुई है। रेलवे सेवाओं, हवाई अड्डों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की नीतियों को लेकर देशभर में चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं।

 

वादों और वास्तविकता के बीच बढ़ती खाई

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के दौरान काला धन वापस लाने, भ्रष्टाचार समाप्त करने, किसानों की आय दोगुनी करने, हर परिवार को बेहतर जीवन देने, करोड़ों रोजगार सृजित करने और हर नागरिक के सिर पर छत उपलब्ध कराने जैसे अनेक वादे किए थे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी को काले धन और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कदम बताया गया था, लेकिन जनता को भारी परेशानियों के अलावा अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी अधूरा है। बेरोजगारी युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है और महंगाई लगातार आम परिवारों की कमर तोड़ रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को सरल कर व्यवस्था के रूप में प्रस्तुत किया गया था, लेकिन छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों को आज भी अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है।

 

कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलने तक सीमित रही भाजपा

 

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अनेक अवसरों पर कांग्रेस सरकारों की योजनाओं और परियोजनाओं को नया नाम देकर उन्हें अपनी उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। वास्तविकता यह है कि देश के विकास की मजबूत नींव कांग्रेस शासनकाल में रखी गई थी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारों का मूल्यांकन विज्ञापनों और प्रचार अभियानों से नहीं बल्कि जनता के जीवन में आए वास्तविक बदलावों से किया जाता है। यदि जनता के जीवन में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है तो केवल प्रचार से वास्तविकता नहीं बदली जा सकती। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और समावेशी विकास की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे विकास मॉडल की आवश्यकता है जो रोजगार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय पर आधारित हो, न कि केवल प्रचार और छवि निर्माण पर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices