हिसार, 28 सितंबर : सर्व जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से न्याय व्यवस्था में मामलों के निपटारे के लिए निश्चित समय सीमा निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम जनता न्याय की उम्मीद में अदालत का दरवाजा खटखटाती है, लेकिन कई मामलों में बार-बार तारीख मिलने के कारण मुकदमों का निपटारा वर्षों तक नहीं हो पाता। इससे न्याय पाने वाले लोगों को आर्थिक, मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नंद किशोर चावला ने कहा कि अदालतों में लगातार पेशी मिलने की व्यवस्था के कारण कई बार मुकदमा लड़ने वाला व्यक्ति फैसला आने से पहले ही दुनिया से विदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने न्याय पाने के लिए अदालत में मामला दायर किया है तो उसके मामले का निपटारा उचित और निर्धारित समय के भीतर होना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से मांग की कि ऐसा प्रभावी कानून बनाया जाए, जिसके तहत प्रत्येक प्रकार के मामले के लिए उसके स्वरूप के अनुसार अधिकतम समय सीमा निर्धारित हो और निर्धारित अवधि के भीतर फैसला सुनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल तारीख पर तारीख देने से न्याय की प्रक्रिया लंबी होती जाती है और आम आदमी का अदालतों पर भरोसा प्रभावित होता है।
चावला ने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमें अनावश्यक स्थगन पर प्रभावी नियंत्रण हो। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में वास्तविक और अपरिहार्य कारण न हों, उनमें बार-बार स्थगन की प्रक्रिया को रोकने के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भी मामलों में देरी के कारणों में बार-बार स्थगन को एक कारण मान चुका है। दीवानी प्रक्रिया संहिता के आदेश 17 में सामान्य परिस्थितियों में किसी पक्ष को तीन से अधिक स्थगन नहीं दिए जाने का प्रावधान है, हालांकि असाधारण परिस्थितियों में इसके अपवाद मौजूद हैं।
नंद किशोर चावला ने केंद्र सरकार से न्याय व्यवस्था में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए व्यापक कानून बनाने तथा हरियाणा सरकार से भी इस दिशा में प्रभावी पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को ‘पेशी पर पेशी’ की व्यवस्था से राहत मिलनी चाहिए और न्याय पाने के लिए लोगों को दशकों तक इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार को न्यायपालिका के साथ समन्वय कर ऐसी व्यवस्था तैयार करनी चाहिए, जिससे मामलों की सुनवाई की नियमित निगरानी हो और अनावश्यक देरी की स्थिति में जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। उनका कहना था कि समय पर न्याय मिलना आम नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और सरकारों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
नंद किशोर चावला
राष्ट्रीय अध्यक्ष, सर्व जन समाज पार्टी
लक्ष्मी विहार, कैमरी रोड, हिसार
पेशी पर पेशी की व्यवस्था से जनता को मिले मुक्ति, हर मामले के फैसले की समय सीमा तय हो : नंद किशोर चावला
Facebook
Twitter
WhatsApp
jantareporter
The specified slider does not exist.
टॉप स्टोरी
पंचांग
Powered by Astro-Vision


