5 Views
सिरसा। 8 अक्टूबर। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक मनबीर सिंह, आईपीएस के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा में नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेन्द्र कुमार ने की। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने छात्राओं और अनुदेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र को भी क्षीण करता है। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध होगा। उन्होंने छात्राओं को नशे रुपी राक्षस के वध में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि “नारी तू नारायणी” तू यदि अपने घर से इसका आरम्भ करे तो यह समस्या अति शीघ्र समाप्त हो जाएगी क्योंकि नारी ही परिवार की धुरी है। डॉ. वर्मा ने काव्य और गायन के माध्यम से छात्राओं को नशे के विरुद्ध प्रेरित करते हुए कहा, “नशा है नाश, करो विश्वास; नशा होता अच्छा तो माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा। यदि नशा होता अच्छा तो पिता कहता—ले थोड़ी-सी पी, क्यों करता है चिंता, अपनी जिंदगी जी।” उन्होंने कहा कि वास्तव में ऐसा कभी नहीं हो सकता, क्योंकि नशा जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने नशे के चक्रव्यूह की व्याख्या करते हुए कहा कि “नशा शौक से आरम्भ होता है और उसका अंत शोक पर होता है। शौक और शोक में केवल एक मात्रा का अंतर है।” उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं, किंतु जागरूकता के अभाव में नशा तस्कर अपने स्वार्थ के लिए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “नशामुक्त भारत” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का वचन दिया। कार्यक्रम में 244 छात्राओं, 30 शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने सामान्य जनों से अपील की कि नशे की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 अथवा 9050891508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
Post Views: 4


