सीएम हाऊस के बाहर से भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ रहे जसकौर सिंह व गुरलाल सिंह गिरफ्तार
सिरसा। सिरसा के सेल टेक्स विभाग में लंबे समय से चल रहे करोड़ों रुपए के गड़बड़झाले के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे क्रप्शन फ्री इंडिया संगठन से जसकौर सिंह व राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा समिति सदस्य गुरलाल सिंह को सोमवार की सुबह सीएम हाऊस के समक्ष पुलिस कर्मचारियों ने धरने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कर्मचारियों ने दोनों को अधिकारियों से मिलवाने का आश्वासन दिया, लेकिन दोनों सीएम से मिलने की मांग पर अड़े रहे। दोनों के आने से कुछ समय पूर्व ही सीएम निवास से मुख्यमंत्री निकले थे। जसकौर सिंह ने कहा कि वे केवल और केवल मुख्यमंत्री से ही मिलेंगे, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही इस लड़ाई को अमलीजामा पहनाया जा सके और भ्रष्ट अधिकारियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके। जसकौर सिंह ने कहा कि उनकी मांग है कि सिरसा के सेल टेक्स विभाग के तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों को बदला जाए, सिरसा में लगातार चैकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि सरकारी खजाने को रोजाना हो रहे करोड़ों रुपए के नुकसान की भरपाई की जा सके।
मामले के अनुसार जसकौर सिंह व गुरलाल सिंह ने कुछ समय पूर्व सिरसा में सेल टेक्स विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए सेल टेक्स विभाग कार्यालय के बाहर धरना शुरू किया था। अधिकारियों ने अपना गिरेबान बचाने के लिए बजाय कार्रवाई करने के पंजाब क्षेत्र से कुछ शरारती लोगों को बुलाकर धरनारत जसकौर सिंह व गुरलाल सिंह को धमकियां दिलानी शुरू कर दी। हालांकि इस संबंध में दोनों जिला पुलिस अधीक्षक व उपायुक्त को भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन किसी ने भी उनकी शिकायत पर गौर करना मुनासिब नहीं समझा। अपनी जान की परवाह करते हुए उन्होंने मजबूरन धरना यहां से उठाया और विधानसभा के बाहर धरना देने की योजना बनाई। सोमवार की सुबह वे विधानसभा के आगे धरना लगाने के लिए गए। विधानसभा से पूर्व सीएम हाऊस के गेट के आगे चंडीगढ़ के सरकारी अधिकारियों ने उन्हें सीएम से मिलवाने का आश्वासन दिया, लेकिन सीएम के कुछ समय पूर्व निकल जाने के कारण मुलाकात नहीं हुई और पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर अपने साथ चंडीगढ़ सेक्टर-3 स्थित थाने ले गई। जसकौर सिंह ने कहा कि उन्होंने ठान लिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में उनकी जान भी क्यों न चली जाए, लेकिन सरकारी खजाने को दीमक की मानिंद चट करने वाले अधिकारियों को सबक जरूर सिखाएंगे।



