युवाओं के साथ क्रिकेट व वॉलीबॉल खेलकर खेल के लाभकारी गुणों बारे किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक डबवाली के मार्गदर्शन में जिला पुलिस लगातार कर रही है आमजन को नशा के प्रति जागरूक
पुलिस अधीक्षक डबवाली सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार व उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली सन्दीप धनखड़ के कुशल नेतृत्व में स्वैट टीम कमांडो ने गांव नीलियांवाली में युवाओं के साथ क्रिकेट व वॉलीबॉल का खेल खेलकर नशे से दूर रहने व साफ सुथरी जीवन शैली अपनाने के लिए जागरूक किया । पुलिस अधीक्षक डबवाली के कुशल-मार्गदर्शन मे डबवाली पुलिस की टीमें पिछले काफी समय से जिले के अधिकतर स्कूलों/कॉलेजों एवं गांवों में भिन्न-भिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन करवाकर युवाओं को नशे जैसी बीमारी से दूर करने व खेलों में रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रही है
जागरूकता अभियान के दौरान कमांडो टीम ने वहां मौजूद युवाओं से कहा कि आजकल युवा भिन्न-भिन्न कारणों से नशे की इस गर्त में पड़ जाता है और बाहर नहीं निकल पाता है और अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठता है । जिस कारण युवा न केवल अपने परिवार जनों को सामाजिक व आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं अपितू मानसिक पीड़ा में भी धकेल देते हैं । इससे बड़ा घोर पाप कोई नहीं है । युवाओं को आवश्यकता है कि वे अपने परिवार की खुशियों का महत्व समझें व अपने जीवन को समाज व देश हित में लगाएं और अपने माता पिता का नाम रोशन करें । युवाओं को खुद नशे से दूर रहने व अन्य लोगों को नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता पैदा करने और नशे से दूर रह कर नशा मुक्त जीवन यापन करने का प्रण लेना चाहिए । उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों पर कार्रवाई कर नशीले पदार्थों की बरामदगी सुनिश्चित कर रही है । नशा तस्करों को किसी भी प्रारूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता । नशा करने वालों, तस्करी एवं उन से जुड़े व्यक्तियों की भी विभिन्न स्रोतों से पहचान की जा रही है ।



