होली पर सुरक्षा के लिए डबवाली पुलिस के चाक-चौबंद प्रबंध, हॉट-स्पॉट एरिया में पैदल गश्त कर शरारती तत्वों पर रखी जा रही पैनी नजर*
*पुलिस अधीक्षक ने होली पर्व पर डबवाली वासियों को दी शुभकामनाएं, शांति व सौहार्दपूर्ण मनाएं होली का त्योहार*
डबवाली 13 मार्च । डबवाली पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन आईपीएस ने जिले वासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह रंगों का अनूठा त्यौहार है, जो एकता और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है । यह त्योहार लोगों के जीवन में रंग भरने के साथ-साथ सभी को समाज में सद्भाव से रहने के लिए प्रेरित करता है । एसपी ने जिले वासियों से आह्वान किया कि सभी लोग एकता और भाईचारे की भावना के साथ इस पर्व को मनाएं। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि होली के पर्व पर किसी तरह से कोई हुड़दंग न हो, इसके लिए जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं । शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी । हुड़दंग करने वालों को किसी सूरत में नहीं बक्शा जाएगा । उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि होली के पर्व पर कई शरारती तत्व हुड़दंग मचाते हैं और लोगों को परेशान करते हैं । ऐसे में इन हुड़दंग मचाने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने विशेष प्लान बनाया है । विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है । साथ ही हॉट-स्पॉट
स्थानों पर पैदल गश्त के माध्यम से शरारती तत्वों पर नजर रखी जा रही है । महिलाओं की सुरक्षा के लिए डबवाली पुलिस सख्ती से पेश आएगी । इसके लिए महिला थाना को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं कि अगर उन्हें कोई ऐसा व्यक्ति शरारत या हुड़दंग बाजी करता नजर आए जो आमजन की शांति भंग करता हो, महिलाओं को परेशान करता हो, उसके साथ सख्ती से पेश आएं व नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाएं । एसपी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को चौकस रहकर नियमानुसार राइडर व पीसीआर के द्वारा गश्त करने के निर्देश दिए हैं । यातायात पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले व यातायात नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए ।



