सांसद कुमारी सैलजा ने हिसार के लघु सचिवालय में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
– सांसद कुमारी सैलजा ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके अर्पित किए श्रद्धासुमन
– गरीब,शोषित, व वंचित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बाबा साहेब ने किए विशेष प्रयास : कुमारी सैलजा
– सांसद कुमारी सैलजा ने किया आह्वान, सामाजिक न्याय व समानता के प्रबल पक्षधर बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के दिखाए मार्ग का अनुसरण करना होगा
हिसार : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कुमारी सैलजा ने डॉ. अंबेडकर जयंती पर हिसार के लघु सचिवालय में स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने भारी भीड़ में बाबा साहेब द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करने का भी आह्वान किया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ व समाज सुधारक के रूप में कार्य करके समाज को दिशा दिखाई। उन्होंने शोषित, वंचित व पिछड़े वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए। इतना ही नहीं भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया और श्रमिकों, किसानों व महिलाओं के अधिकारों का पुरजोर समर्थन किया।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हुए डॉ. अंबेडकर ने सुदृढ़ लोकतांत्रिक व्यवस्था की पैरवी की। वे हमेशा सामाजिक न्याय व समानता के प्रबल पक्षधर रहे, इसलिए उन्होंने दलितों के उत्थान के लिए शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समाज में नई चेतना जगाने का भी काम किया। बाबा साहब के द्वारा दिए गए भारत के मजबूत संविधान की वजह से आज हमारा लोकतंत्र बचा हुआ है अन्यथा रूस सहित कई देशों का संविधान मजबूत न होने की वजह से वो देश टुकड़ों में बंट गए हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल व रविदास सभा के प्रधान एस. पी. चालिया ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान डॉ. अंबेडकर महासभा के प्रधान रघुवीर सुंडा, राजकुमार मुवाल, महासचिव सतबीर सभरवाल,एडवोकेट बजरंग इंदल, हरपाल बूरा, भूपेंद्र गंगवा, अश्विनी शर्मा,मनोज राठी, संदीप बूरा प्रधान हिसार बार, शमीर भाटिया सचिव बार,एडवोकेट किशोर दहिया, रतन बडग़ुज्जर, सतेंद्र सिंह, राजाराम, एस. पी. परिहार, ज्ञानचंद, मिया सिंह, शैलेश वर्मा,महेंद्र नारंग, बाला देवी खेदड़, कृष्ण सातरोड़, दारा सिंह, कमलेश राय, सुरेंद्र सैनी, विजेंद्र कपूर, बाला देवी, सुभाष वर्मा, जगदीश बिश्नोई, हरिकिशन प्रभुवाला, सुनील सहदेव, सुनील भारद्वाज, बंसीलाल गोदारा व श्वेता शर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि बाबा साहेब के नाम पर वोट की राजनीति नहीं होनी चाहिए, यदि वास्तव में कुछ करना है तो भाजपा सरकार डॉ. अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलकर देश का सशक्त निर्माण करके दिखाए। उन्होंने कहा कि धर्म व जाति के नाम पर बांटने की बात करने वाले समाज, राज्य व देश को आगे नहीं बढ़ा सकते। कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश में रोजगार व नौकरी की जरूरत है, इसके साथ ही नशा मुक्त हरियाणा बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा पर विशेष बल दिया लेकिन विडंबना है कि हरियाणा में सरकारी विद्यालय बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हरियाणा का एजुकेशन सिस्टम ठीक करने के लिए विशेष आदेश देने चाहिए।



