Home » देश » ईडी की कार्रवाई के विरोध में रोष प्रदर्शन

ईडी की कार्रवाई के विरोध में रोष प्रदर्शन

Facebook
Twitter
WhatsApp
133 Views

विधायक चंद्रप्रकाश ने ईडी की कार्रवाई के विरोध में आयोजित रोष प्रदर्शन में लिया हिस्सा
– सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई से जनता में रोष, देशभर में हो रहा विरोध : विधायक चंद्रप्रकाश
– भाजपा ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी का किया दुरुपयोग : विधायक चंद्रप्रकाश
– सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई व चार्जशीट दाखिल करने पर विधायक चंद्रप्रकाश ने जताया रोष

हिसार/आदमपुर मंडी : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मोदी सरकार के राजनीतिक प्रतिशोध के खिलाफ चंडीगढ़ में आयोजित किए गए विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ आदमपुर के विधायक व सेवानिवृत्त आईएएस चंद्रप्रकाश ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सिंह, हरियाणा के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित काफी संख्या में कांग्रेस के नेता, सांसद व विधायक मौजूद रहे। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 बी से रोष मार्च निकालते हुए सभी कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता सेक्टर-18 स्थित प्रवर्तन निदेशालय पहुंचे और यहां पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के उपरांत विधायक चंद्रप्रकाश ने बताया कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई व चार्जशीट दाखिल करना दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के बढ़ते प्रभाव से बौखलाकर इस तरह की निम्न मानसिकता का परिचय दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, मजदूर, किसान, शोषित, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति वर्ग, छोटे दुकानदारों व अन्य वर्गों के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनके हक की आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसलिए भाजपा द्वेषपूर्ण राजनीति करते हुए राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं की आवाज दबाना चाहती है। विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में जनता में भारी रोष व्याप्त है। इसलिए देशभर में धरने व प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की खातिर अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया, अपनों की शहादत को देखा, ऐसे परिवार के सम्मानित सदस्यों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करके साजिश रची जा रही है। इन षडयंत्रों के समक्ष कांग्रेस न झुकने वाली है और न ही डरने वाली है। दरअसल यह लड़ाई जनता के हितों के लिए है और देश के संविधान की है और इसमें निश्चित रूप से सच्चाई की जीत होगी।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि इस सुनियोजित षडयंत्र के खिलाफ हर कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने और जनता के हितों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का हक है लेकिन भाजपा अपनी मनमानी नीतियों को लागू करके लोगों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरासर लोकतांत्रिक व्यवस्था का हनन है और नागरिकों के अधिकारों को कुचला जा रहा है। विधायक ने कहा कि भाजपा की ऐसी सोच व नीतियों के कारण जनता आक्रोशित है और आने वाले समय में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices