डबवाली पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों के बारे में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को कराया साइबर ठगों के जाल से अवगत*
साइबर अपराधी अपराध करने के हर दिन नए नए तरीके अपना रहे हैं। आमजन के जागरूक होने से ही साइबर अपराधियों के चंगुल में आने से बचा जा सकता है। डबवाली पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए समय समय पर एडवाइजरी जारी की जा रही है और लोगों से आनलाइल दैनिक कार्य करते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है । साथ ही गांव शहर चौक चौराहों व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाकर साइबर अपराधों व उनसे बचने के उपायों के बारें में जागरूक किया जा रहा है । इसी अभियान के तहत डबवाली पुलिस की टीमों ने आमजन को साइबर अपराधों के बारे में अहम जानकारी दी । अभियान के दौरान PSI अजय थाना औढ़ा ने पन्नीवाला मोटा, प्रभारी चौकी चौटाला ने गांव अबूबशहर व एएसआई दलबीर ने गांव भारूखेड़ा , महिला थाना प्रभारी उप नि. कमला देवी ने मंडी डबवाली, प्रभारी थाना कालांवाली उप नि. रामफल ने मंडी कालांवाली , प्रभारी चौकी गोरीवाला स.उप.नि. जयवीर सिंह ने गांव गोरीवाला में सभाओं के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से अवगत करवाया ।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर जानकारी देते हुए पुलिस टीमों ने बताया कि साइबर ठगी होने का एक अहम कारण उपभोक्ता को साइबर अपराधों के बारे में जानकारी न होना । जिसके परिणामस्वरूप उपभोक्ता अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा कर देते हैं और साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं । इसी लिए डबवाली पुलिस की टीमें लगातार जागरूकता सेमिनार आयोजित कर रही है । ताकि उपभोक्ता इंटरनेट का उपयोग करते समय सावधानी बरतें । साइबर अपराधों के बारे में चर्चा करते हुए उन्होने बताया कि
- ऑनलाइन खरीदारी करते समय चेक करें वेबसाइट के यूआरएल में एचटीटीपीएस हो न की खाली एचटीटीपी।
- अगर कोई अपरिचित व्यक्ति किसी एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के लिए कहता है तो एप्लीकेशन डाउनलोड न करें।
- किसी भी व्यक्ति के साथ अपने बैंक डिटेल,एटीएम कार्ड नंबर,कार्ड की एक्सपायरी एवं कार्ड पर पीछे लिखे तीन डिजिट के सीवीवी नंबर को किसी के साथ शेयर न करें।
- किसी अपरिचित नंबर से आपके पास फोन मैसेज या व्हाट्सएप मैसेज पर कोई लिंक या फोटो आए तो उस पर क्लिक न करें।
- नेटवर्क को5 जी नेटवर्क में शिफ्ट करवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले से सुरक्षित रहें।
- अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों की फोटो को सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप,फेसबुक, इंस्टाग्राम पर डीपी (Display Picture) के रूप में प्रयोग कर धोखाधडी कर रहे हैं, सावधान रहें।
- व्हाट्सएप पर किसी भी अज्ञात नम्बर से आई किसी भी प्रकार की विडियो या ऑडियो कॉल को रिसीव ना करें।
आमजन जागरूकता से ही साइबर अपराधियों के चंगुल में आने से बच सकते हैं । इसके बावजूद साइबर क्राइम के शिकार होते हैं तो तुरन्त भारत सरकार द्वारा जारी साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें । इसके अलावा अपने नजदीकी थाना में साइबर हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं ।1930 पर तुरन्त शिकायत करने पर आपका पैसा सुरक्षित वापिस आ सकता है ।


