Home » देश » प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 9वां क्रॉप इंश्योरेंस वीक 7 जुलाई तक

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 9वां क्रॉप इंश्योरेंस वीक 7 जुलाई तक

Facebook
Twitter
WhatsApp
116 Views

 प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल बीमा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 9वां क्रॉप इंश्योरेंस वीक एक जुलाई से सात जुलाई तक मनाया जा रहा है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार इस सप्ताह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल बीमा योजना की जानकारी देना और उन्हें इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में पंजीकृत कराना है। इससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, कीट प्रकोप या अन्य कारणों से फसल खराब होने की स्थिति में आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
कृषि विभाग से विषय विशेषज्ञ राकेश कुंट व गुण नियंत्रण निरीक्षक अमित कुमार तथा एग्रीकल्चर इन्श्योरेन्स कम्पनी से स्टेट कोऑर्डिनेटर विजयदीप व जिला कोऑर्डिनेटर विकास ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्टेट कोऑर्डिनेटर विजयदीप ने उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ, प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उप निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार की अधिसूचना के अनुसार खरीफ 2025 सत्र के लिए जिला सिरसा में एग्रीकल्चर इन्श्योरेन्स कम्पनी को अधिकृत किया गया है। इस योजना में धान, कपास, बाजरा, मूंग और मक्का फसलें शामिल हैं। इन फसलों के लिए किसानों को बीमा प्रीमियम प्रति हेक्टेयर के अनुसार धान के लिए 2124.98, कपास के लिए 5435.05, बाजरा के लिए 1024.36, मक्का के लिए 1089.74 और मूंग  के लिए 953.50 रुपये वहन करना होगा।
बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। केसीसी धारक के लिए यह योजना वैकल्पिक है। यदि कोई केसीसी धारक किसान फसल बदलना चाहता है, तो उसे अंतिम तिथि से कम से कम दो दिन पहले, अर्थात 29 जुलाई तक अपने बैंक में फसल परिवर्तन करवाना होगा। यदि कोई केसीसी धारक किसान फसल बीमा नहीं करवाना चाहता है, तो उसे 24 जुलाई तक बैंक को लिखित में सूचित करना होगा।
गैर-ऋणी किसान, जो अपनी फसल का बीमा करवाना चाहते हैं, वे अपनी जमीन की फर्द, खसरा नंबर, बैंक पासबुक की प्रथम पृष्ठ की प्रति, आधार कार्ड, फसल बिजाई प्रमाण पत्र तथा मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पंजीकरण करवाने के बाद नजदीकी सीएससी केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। सीएससी सेंटर इंचार्ज को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड करें तथा किसान का मोबाइल नंबर और ईमेल प्क् अवश्य दर्ज करें, ताकि बीमा संबंधी सभी पत्राचार सीधे बीमा कंपनी द्वारा किसान से किया जा सके।
उप निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय पर अपनी फसलों का बीमा करवाएं और इस सरकारी योजना का लाभ उठाएं, जिससे किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा या नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के खंड कृषि अधिकारी या एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।
————
राष्ट्रीय लोक अदालत 12 जुलाई को
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी 12 जुलाई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम में केसों के निपटारे के लिए आवेदन किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि इस लोक अदालत में कोई भी इच्छुक व्यक्ति स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से अपने केसों के निपटारे के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में सुनाए गए फैसलों की भी उतनी ही अहमियत है जितनी सामान्य अदालत में सुनाए गए फैसले की होती है और लोक अदालत में सुनाए गए फैसले के खिलाफ अपील दायर नहीं की जा सकती। लोक अदालत में सस्ता और सुलभ न्याय मिलता है।
—————
ग्रीष्मकालीन रूचिकर कक्षाओं में बच्चों ने सीखे सेल्फ डिफेंस के गुर
जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन में दो जून से एक जुलाई तक ग्रीष्मकालीन रूचिकर कक्षाओं का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इन कक्षाओं में डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट सेल्फ डिफेंस और स्टिचिंग की कक्षाएं लगाई गई। कैंप के समापन समारोह में मंडलीय बाल कल्याण अधिकारी कमलेश चाहर ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को सर्टिफिकेट वितरित किए।
जिला बाल कल्याण अधिकारी पूनम नागपाल ने बताया कि समारोह के दौरान बच्चों ने अलग-अलग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया और बच्चों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगाई गई। उन्होंने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अवकाश के दौरान समय का सदुपयोग करने का अवसर प्रदान करवाना था। इस कैंप के माध्यम से बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक और कौशल आधारित गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा गया। यह कैंप प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास में सहायक हुआ।
उन्होंने बताया कि इस कैंप में लगभग 150 बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मोनिका कुमारी, अंशु बाला, अमन रहेजा व बाल भवन, सिरसा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *