Home » हरियाणा » चिकित्सक के परामर्श के बिना न हो प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री: डीसी

चिकित्सक के परामर्श के बिना न हो प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री: डीसी

Facebook
Twitter
WhatsApp
128 Views
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने नारकोटिक्स कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
सिरसा, 30 अक्टूबर।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व ड्रग कंट्रोल की टीम जिले के मेडिकल स्टोरों की विशेष जांच करें और यह तय करें कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री चिकित्सक के परामर्श के बगैर न हो पाए। जिले में ज्यादातर मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं, यदि किसी मेडिकल स्टोर पर कैमरा न हो तो संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह निर्देश उपायुक्त शांतनु शर्मा ने नारकोटिक्स कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक में अधिकारियों को दिए। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला खेल अधिकारी जगदीप सिंह, जेल उपअधीक्षक कुलदीप सिंह, ड्रग कंट्रोल अधिकारी केशव वशिष्ठ व सुनील, डिप्टी सीएमओ पंकज शर्मा, एचएसएनसीबी के इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने भाग लिया।
उपायुक्त ने कहा कि नशे पर अंकुश लगाने के लिए शहर व गांव में वार्ड स्तर पर काम करना होगा। मेडिकल स्टोर खोलने की अनुमति से पहले सरपंच एनओसी जोरी करते समय यह सुनिश्चित करें कि ऐसे व्यक्ति को एनओसी न दें जो नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ हो, या पूर्व में नशे को लेकर किसी केस में संलिप्त हो। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह से गंभीर हैं। उपायुक्त ने यह भी कहा कि गांवों में नशे के विरूद्ध कमेटियां सक्रिय रूप से काम करें और इन कमेटियों में पुलिस के बीट इंचार्ज को शामिल किया जाना चाहिए। गांव स्तर से इनपुट लेकर कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वे नशा विरोधी जागरूकता से संबंधित बैनर व पोस्टर तैयार करवाएं ताकि युवा नशे से दूर रहें। उन्होंने बताया कि गांवों में नशा मुक्ति के संदेश को लेकर पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम करवाए जाएंगे और समाज कल्याण विभाग की ओर सेे लघु नाटिका तैयार करवाई जाएगी, जिसे वीडियो के माध्यम से गांव-गांव दिखाया जाएगा। उन्होंने स्कूल व कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम किए जाने के साथ ही नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण ने कहा कि नशे के खिलाफ व्यापक अभियान की शुरूआत करनी होगी और गांवों में पंचायत के साथ मिलकर कार्य करना होगा। ग्राम स्तर पर कमेटियों को सक्रिय कर अभियान चलाए जाने से जो युवा नशे के दलदल में फंसे हैं, उनकी भी काउंसलिंग करवाई जानी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर ने कहा कि गांव में सुनसान जगह पर कुछ लोग नशा करने के लिए बैठ जाते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ पंचायत अपने स्तर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं। उन्होंने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और जो व्यक्ति नशा तस्करों की जानकारी देता है, उसका नाम गुप्त रखा जाता है।
जिला की मंडियों में 303067 मीट्रिक टन धान की खरीद
सिरसा, 30 अक्टूबर।
जिला की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 303067 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद की जा चुकी है। कुल आवक में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 143255 एमटी, हैफेड द्वारा 129594 एमटी तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा 30218 एमटी खरीद की गई है। इसके साथ-साथ उठान प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि बड़ागुढ़ा मंडी में 6840 एमटी, डबवाली मंडी में 41515 एमटी, कालांवाली मंडी में 82377 एमटी, फग्गु मंडी में 8897 एमटी, रानियां मंडी में  12369 एमटी, रोड़ी में 13371 एमटी, सिरसा मंडी में 29531 एमटी, सुरतिया मंडी में 7244 एमटी, थिराज मंडी में 7975 एमटी, ओढां में 14290 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई, साथ ही जिला की अन्य मंडियों में भी धान की आवक जारी है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान को सुखाकर मंडी में लेकर आए, ताकि जल्द खरीद की जा सके।
————–
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शहर में किया जाएगा रन फॉर यूनिटी का आयोजन
सिरसा, 30 अक्टूबर।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। रन फॉर यूनिटी में सभी वर्गों के नागरिक शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का संदेश देंगे।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी होगी, जिसमें व्यापक स्तर पर सभी वर्गों की भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नमन करने का प्रतीक है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था तथा प्रतिभागियों के मार्गदर्शन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी प्रतिभागी राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण की शपथ भी लेंगे। उन्होंने जिले के नागरिकों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करें।
————–
डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं
सिरसा, 30 अक्टूबर।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत सिंह चहल ने आमजन की 23 शिकायतें सुनी और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का निवारण जल्द से जल्द किया जाए और जो समस्याएं किसी कारणवश पेंडिंग रह जाती है, उनका समाधान भी सम्बधिंत अधिकारी यथाशीघ्र करें। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए अगर मुख्यालय से किसी प्रकार का मार्गदर्शन या अन्य किसी प्रकार की जानकारी लेने की आवश्यकता है तो उस बारे भी कार्यवाही समय रहते पूरी करें। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। नागरिक इन शिविरों में पहुंच कर अपनी समस्याओं का निवारण करवा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *