Home » हरियाणा » शिविर में 255 नेत्र रोगियों की जांच, 57 आपरेशन के लिए चयनित

शिविर में 255 नेत्र रोगियों की जांच, 57 आपरेशन के लिए चयनित

Facebook
Twitter
WhatsApp
184 Views
सिरसा। नेहरू पार्क स्थित श्री हनुमंत फाउंडेशन द्वारा श्री हनुमंत चैरिटेबल अस्पताल में नेत्र जांच व आपरेशन का 274वां निशुल्क शिविर आयोजित किया गया। मुख्य परियोजना संयोजक सुमन मित्तल ने बताया कि जिला अंधता निवारण समिति के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विजय कोचर ने मंत्रोच्चारण के साथ हनुमान जी की ज्योति प्रज्वलित करके किया। उनके साथ समाजसेवी देव आनंद नरुला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सुमन मित्तल व बाबू राम मित्तल ने उन्हें फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सीय सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। विजय कोचर व देव आनंद नरुला ने अस्पताल द्वारा संचालित दंत चिकित्सा विभाग, रक्त जांच विभाग, दवा व अन्य विभागों का अवलोकन किया और फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि फाउंडेशन द्वारा पिछले 27 वर्षों से प्रतिदिन 125 से अधिक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और हर माह नेत्र जांच व आपरेशन शिविर लगाना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मात्र 10 रुपये प्रतिदिन में दवा उपलब्धि का सेवा कार्य शायद ही कोई अन्य संस्था कर रही है उन्होंने फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपनी तरफ से यथा सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। कैम्प में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. प्रवीण अरोड़ा व डा. महिप बंसल ने अपनी टीम व सहयोगियों के साथ 255 नेत्र रोगियों की जांच की। शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित 57 जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क आपरेशन के लिए चयन किया गया। इसके अलावा 85 मरीजों की मधुमेह जांच के साथ सभी नेत्र रोगियों को नि:शुल्क दवाइयां दी गई। शिविर में संरक्षक एमपी गर्ग, संगठन सचिव सुरेंद्र शर्मा, बाबू राम मित्तल, सुभाष चंद्र वर्मा, भूप सिंह गहलोत, राज कुमार खुराना, महेश बंसल, सुमन मित्तल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *