Home » हरियाणा » दयालु योजना की 35 हजार फाइलें अटकीं: केडिया

दयालु योजना की 35 हजार फाइलें अटकीं: केडिया

Facebook
Twitter
WhatsApp
129 Views

लाभ के लिए लोग काट रहे हैं दफ्तरों के चक्कर
सिरसा, 14 नवंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट नवीन केडिया ने कहा कि प्रदेश में चल रही दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि योजना के तहत करीब साढ़े 35 हजार फाइलें अटकी पड़ी हैं। मार्च तक की फाइलें अभी लंबित हैं और पात्र आर्थिक मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि इस योजना का विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास है।
केडिया ने कहा कि अभी फाइलें पंचकूला हेडक्वार्टर से ही क्लियर होती हैं,जहां स्टाफ कम है। इस योजना के तहत प्रदेश में किसी व्यक्ति की सडक़ हादसे या असमय मृत्यु हो जाने, दुर्घटना में स्थायी विकलांगता होने पर सरकार की ओर से आर्थिक मदद की जाती है। यह मदद 1 से 5 लाख रुपए तक होती है। अभी हालत ये हैं कि फाइल क्लियर होने में कई-कई महीने लग रहे हैं।
केडिया ने कहा कि हरियाणा में अभी दयालु योजना की तकरीबन 35 हजार 500 फाइलें लंबित हैं। हर रोज योजना विभाग की दयालु स्कीम की ब्रांच में रोज करीब 150 से 200 फाइलें आती हैं। यानी हर महीने के 22 कार्य दिवसों में करीब 4400 फाइलें आती हैं। मगर, समय से इन फाइलों का निपटारा नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि नवंबर में मार्च की फाइलें रखी गई हैं।
केडिया ने कहा कि दयालु योजना दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना के तहत आती है, इसका संचालन हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास द्वारा किया जाता है। ये योजना विभाग की दयालु ब्रांच पंचकूला द्वारा संचालित की जाती है। अभी यहां स्टाफ की भारी कमी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस योजना के दायरे में आने वाले लोगों को तत्काल सहायता की जरूरत होती है, लिहाजा सरकार इस मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए कार्रवाई करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *