Home » हरियाणा » नशे के सौदागरों की अब खैर नही, नशा तस्करों का सिरसा से पूर्ण सफाया करना ही हमारा उद्देश्य :- एसपी दीपक सहारन ।

नशे के सौदागरों की अब खैर नही, नशा तस्करों का सिरसा से पूर्ण सफाया करना ही हमारा उद्देश्य :- एसपी दीपक सहारन । 

Facebook
Twitter
WhatsApp
105 Views
नशे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को अहम भूमिका निभानी होगी :– पुलिस अधीक्षक ।
नशा मुक्ति महा अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में 43 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा है :- एसपी ।
सिरसा……. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे महायुद्ध में आमजन का सहयोग अति आवश्यक है,इसलिए सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे इस महा अभियान में प्रत्येक नागरिक को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी । तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते हैं । उक्त विचार पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने ऐलनाबाद नचिकेतन पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विभिन्न गांव से आए हुए पंच,सरपंच,युवाओं व उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा अन्य गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे महा अभियान के तहत सिरसा पुलिस ने पिछले 15 दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 43 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है । हमारी कार्रवाई निरंतर जारी है,नशा तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा मुक्त समाज के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर अग्रणी भूमिका निभानी होगी । उन्होंने कहा कि नशा स्वस्थ समाज के लिए एक अभिशाप है,जोकि एक गंभीर चिंता का विषय है,इसलिए समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त करने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी ।
उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपनी गली,मोहल्ले तथा गांव की पूरी जिम्मेवारी लेगा तभी हम इस अभियान में पूरी तरह से कामयाब होंगे । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को यह प्रण लेना होगा,कि न तो वह स्वयं नशा करेगा और न ही अपने आस-पास के लोगों को नशा करने देगा । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे की चपेट में आकर युवा लगातार अपराध की और अग्रसर हो रहे है । उन्होंने कहा कि नशे की पूर्ति के लिए युवा अक्सर अपराधिक वारदातों को अंजाम देते है । उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए है,जिसके काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे है । सिरसा पुलिस जहाँ नशा तस्करों की लगातार धर-पकड़ कर रही है,वहीं सेमिनार व गोष्ठियों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में अवगत करवाकर उन्हें लगातार जागरुक भी कर रही है । उन्होंने इस अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों,सामाजिक संस्थाओं तथा आमजन से आह्वान किया है कि वे नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि इस अभियान को सफलता के शिखर तक ले जाया जा सके । उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे महा अभियान से प्रभावित होकर काफी युवा नशा छोड़ने के लिए आगे आ रहे हैं,तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से नशे से पीड़ित व्यक्तियों का नशा मुक्ति केंद्रों में ईलाज करवाया जा रहा है । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे से पीड़ित युवाओं को नशा छुड़वाकर समाज की मुख्य धारा में लाना ही पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है ।
इस अवसर पर नचिकेतन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से आह्वान किया है कि गैरकानूनी धंधा करने वालों तथा नशा बेचने वालों की सूचना बिना किसी भय के मोबाइल नंबर 88140-56100 या 8814011620 पर व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से भी दी जा सकती है । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मां-बाप भी अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर पूरी नजर रखें तथा उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य सामाजिक हित की गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें । पुलिस अधीक्षक उपस्थित लोगों से कहा कि आपके गांव में ग्राम प्रहरी नियुक्त किए गए हैं, इसलिए गांव में किसी भी प्रकार की अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है,अथवा कोई व्यक्ति गैरकानूनी धंधा करता है तो जिला पुलिस द्वारा आपके गांव में नियुक्त किए गए ग्राम प्रहरी व संबंधित थाना प्रभारियों को इसके बारे में सूचित करें ।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं व स्कूल स्टाफ के सदस्यों के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह,नचिकेता पब्लिक स्कूल ऐलनाबाद स्कूल के चेयरमैन राजेंद्र सिंह के अलावा गांवों के सरपंच तथा अन्य गणमान्य लोग भी मुख्य रूप से मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

पंचांग

Gold & Silver Price

Popular Metal Prices