सिरसा। लाला जगन्नाथ जैन पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या रितु मल्होत्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के अध्यक्ष ललित जैन भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से आए हुए अतिथियों का स्वागत किया गया, जिन्होंने बच्चों को इस खास दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने विविध सांस्कृतिक नृत्यों, समूह गायन तथा एकल प्रस्तुतियों के माध्यम से सबका मन मोह लिया। कुछ छात्रों ने बाल दिवस के महत्व पर सुंदर भाषण प्रस्तुत किए, जिनमें पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा बच्चों के प्रति प्रेम और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का उल्लेख किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाने वाले नृत्य और झलकियां थीं। छात्रों ने भारतीय संस्कृति की एकता, विविधता, सम्मान, प्रेम और परंपराओं के बारे में संदेश दिया। अंत में मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्या ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, क्षमता और अधिकारों को पहचानने का दिन है। इस अवसर पर कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सभी मुख्यातिथि व विशिष्ट अतिथियों को भी स्कूल प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम सभी शिक्षकों और छात्रों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
लाला जगन्नाथ जैन पब्लिक, स्कूल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस
Facebook
Twitter
WhatsApp



