विश्वास संस्था के सहयोग से शिक्षकों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण सम्पन्न
सिरसा। विश्वास ट्रस्ट के सहयोग से जन शिक्षण संस्थान के प्रशिक्षकों की क्षमता व कौशल विकास में बढ़ौतरी हेतु क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सिरसा एजुकेशन सोसायटी के चेयरमैन अरविन्द बांसल ने शिरकत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, जिससे वे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दे सकें। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जन शिक्षण संस्थान के निदेशक धर्मपाल गर्ग ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्वास ट्रस्ट के कुशल वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षकों को नवीन शिक्षण तकनीकों, कौशल-आधारित प्रशिक्षण पद्धतियों, डिजिटल टूल्स के उपयोग तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित आधुनिक दृष्टिकोण से अवगत करवाया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विनीत छाबड़ा ने जहां प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास हेतु स्वरोजगार कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न कारगर सूत्रों से अवगत करवाया, वहीं प्रभावी कक्षा प्रबंधन, संवाद कौशल, मोटिवेशनल टीचिंग तथा परिणाम-आधारित प्रशिक्षण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञ विनय जांगिड़ ने डिजिटल कॉमर्स विषय के संदर्भ मे उपयोगी जानकारियां प्रदान करते हुए की सफलता अर्जन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए । कार्यक्रम में संस्थान से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके पेशेवर कौशल में निश्चित रूप से वृद्धि होगी और वे इसे अपने दैनिक शिक्षण कार्य में लागू करेंगे। कार्यक्रम में नैशनल कॉलेज आॅफ एजुकेशन की प्राचार्या डा. पूनम मिगलानी ने अपने वक्तव्य में शिक्षण सहायक सामग्री की उपयोगिता के महत्व पर जोर दिया। वहीं धर्मपाल गर्ग ने वित्तीय साक्षरता व स्टार्ट अप संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रेषित की। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव गर्ग, अंजू गोयल, हर्षा गोयल, नीलम वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए और समस्त प्रतिभागियों को आगे भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में जन शिक्षण संस्थान निदेशक धर्मपाल गर्ग ने कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र व रोचक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने हेतु विभिन्न प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। मंच संचालन शिक्षिका प्रेम लता द्वारा कुशलता पूर्वक किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक पुनीत, अंशुल सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद थे ।



