Home » हरियाणा » बिना दहेज के विवाह कर दीपक ने दिया समाज को प्रेरणादायक संदेश

बिना दहेज के विवाह कर दीपक ने दिया समाज को प्रेरणादायक संदेश

Facebook
Twitter
WhatsApp
4 Views

पिता राजिंद्र सुथार ने गौशाला को 11 हजार रुपये किए दान
सिरसा। समाज में दहेज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। स्वर्गीय मनीराम धामू जोधपुरिया के पौत्र एवं राजिंद्र सुथार, सचिव गौशाला, सुरांवाली के पुत्र दीपक का विवाह बिना किसी दहेज के संपन्न हुआ। इस विवाह में दीपक और उसके परिवार ने सादगी, सामाजिक सरोकार और नेक सोच की मिसाल पेश की। विवाह के अवसर पर दीपक के पिता राजिंद्र सुथार ने गौशाला सुरांवाली को 11 हजार रुपये की राशि दान स्वरूप भेंट की। परिवार की ओर से कन्यादान के महत्व को समझाते हुए कहा गया कि बेटी का पालन-पोषण कर उसे योग्य बनाना और सम्मानपूर्वक विदा करना अपने आप में बहुत बड़ा पुण्य कार्य है। इस अवसर पर कन्यादान को रक्तदान से भी बढ़कर बताते हुए कहा गया कि रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सकता है, जबकि बेटी का दान दो परिवारों को प्रेम और रिश्तों के बंधन में जोड़ता है। इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि सुमटनी की रस्म के दौरान उपस्थितजनों ने बार-बार दहेज लेने का आग्रह किया, लेकिन दीपक अपने संकल्प पर अडिग रहा और उसने किसी भी प्रकार का दहेज या कीमती उपहार लेने से मना कर दिया। उसके इस फैसले ने वहां मौजूद लोगों को गहराई से प्रभावित किया और युवाओं के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर परिवार की ओर से उस मां के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की गई, जिसने अपनी बेटी का लालन-पालन कर उसे संस्कारों के साथ बड़ा किया और दूसरे परिवार को सौंपा। उपस्थितजनों ने कहा कि बेटियां किसी भी परिवार के लिए अनमोल धरोहर होती हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। दीपक के इस निर्णय की उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की और इसे समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी इसी प्रकार दृढ़ संकल्प लेकर आगे आए तो समाज से दहेज जैसी कुरीति को समाप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर रामस्वरूप सुथार, सरपंच साबुआना, रामप्रताप लदोइया (नाना), अबोहर सहित परिवार के सदस्य एवं रिश्तेदार उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देते हुए परिवार की इस नेक पहल का अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *