2024 में चलाए गए 1883 जागरूकता अभियान
चंडीगढ़ पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जनवरी-2024 से लेकर अक्टूबर 2024 तक सड़क दुर्घटनाओं में 662 की कमी दर्ज की गई तथा सड़क दुर्घटना में मृत्यु में भी 278 की कमी आई है। इस अवधि के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में 505 लोग सड़क दुर्घटना में कम घायल हुए हैं। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जरूरी है कि लोग यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें। प्रदेश के पानीपत, डबवाली, झज्जर, रेवाड़ी तथा पलवल जिला में 23 नवंबर को तथा गुरुग्राम, सोनीपत, हांसी तथा फतेहाबाद में 24 नवंबर को यह विशेष अभियान चलाने हुए लेन ड्राइविंग के चालान किए जाएंगे। जनवरी-2024 से लेकर अक्टूबर-2024 तक यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले 18,21,318 वाहन चालकों के
चालान किए गए। पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से वर्ष-2024 में 1883 जागरूकता अभियान चलाए गए जिसमें 2,63,259 लोगों ने भागीदारी सुनिश्चित की।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं राजमार्ग हरदीप दून ने बताया कि लेन ड्राइविंग को लेकर किए जा रहे कार्यों को लेकर सभी पुलिस आयुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि वे भारी वाहन चालकों को फास्ट लेन (दाहिनी लेन) का इस्तेमाल करने से रोंके और वे निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन में लेन ड्राइविंग नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा 24 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।