Home » हरियाणा » रामलीला मंच से सिविल लाइन थाना प्रभारी ने दिया नशे और साइबर ठगी से बचने का संदेश ।

रामलीला मंच से सिविल लाइन थाना प्रभारी ने दिया नशे और साइबर ठगी से बचने का संदेश ।

Facebook
Twitter
WhatsApp
6 Views

सिरसा। रामलीला के मंच से अब केवल भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन ही नहीं, बल्कि सिरसा पुलिस समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दे रही है । इसी कड़ी में सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधे श्याम ने खैरपुर के रामलीला ग्राउंड में पहुंचकर रामलीला देखने आए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया।थाना प्रभारी राधे श्याम ने कहा कि नशा पूरे समाज का साझा दुश्मन है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। केवल पुलिस के प्रयासों से नशे पर पूरी तरह लगाम लगाना संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और युवा क्लबों को भी आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलकूद में अपना भविष्य बनाएं तथा दूसरे युवाओं को भी सही राह दिखाएं।उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ युवाओं को खेल गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से करें। ईमेल, व्हाट्सएप या फोन पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ भी अपना ओटीपी साझा न करें। थोड़ी-सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति से साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते है । इस अवसर पर रामलीला मंच पर अनेक गणमान्य व्यक्ति और रामलीला देखने आए लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *