– विधायक चंद्रप्रकाश ने छात्राओं को किया पुरस्कृत, श्रेष्ठ कार्य करने का किया आह्वान
– हम सभी का दायित्व है कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें : विधायक चंद्रप्रकाश
– विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर हलके में आयोजित विभिन्न समारोह में की शिरकत
– देश की आजादी के लिए कुर्बान होने वाले वीरों की शहादत को कभी भुला नहीं सकते : विधायक चंद्रप्रकाश
मंडी आदमपुर/हिसार : विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर हलके के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने मंडी आदमपुर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करके श्रेष्ठ कार्य करने का आह्वान किया। भारत विकास परिषद की मंडी आदमपुर शाखा एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए गए इस समारोह में छात्राओं ने राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी कुशलता का परिचय दिया।
विधायक चंद्रप्रकाश ने आयोजक मंडल को बधाई देते हुए विजेता छात्राओं को पुरस्कृत करके उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मां भारती के वीर सपूतों के बलिदान के कारण हमें स्वतंत्रता मिली है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने के लिए रणबांकुरों ने बहुत यातनाएं सही और हंसते-हंसते कुर्बान हो गए। हम उन वीरों की शहादत को कभी भुला नहीं सकते।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपरांत उन्होंने गांव बांडाहेड़ी की गोशाला में नव निर्मित मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से किया। इस दौरान मातृशक्ति ने कलश यात्रा निकालकर अपनी आस्था का परिचय दिया और सैकड़ों गांववासियों ने गोशाला में पहुंचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर चंद्रप्रकाश ने समस्त श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए सदमार्ग अपनाने एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विधायक चंद्रप्रकाश ने स्वामी राजेंद्रानंद जी महाराज के अकस्मात निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। गोऋषि स्वामी राजेंद्रानंद जी ने हमेशा भक्तों को सदमार्ग दिखाया। उन्होंने मानवता की भलाई करते हुए गुरु जंभेश्वर महाराज जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


