सिरसा। आज एकता नगर पार्क, सिरसा में महात्मा बुद्ध योग संस्थान द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय योग कार्यक्रम का शुभारंभ बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सुप्रसिद्ध योगाचार्य नरेंद्र योगी जी की अगुवाई में हुआ। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को योग की महत्ता के बारे में विस्तार से अवगत कराया और विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
योगाचार्य नरेंद्र योगी जी ने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और विचार सकारात्मक होते हैं।” उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएँ ताकि समाज में स्वास्थ्य और सद्भाव का वातावरण स्थापित हो सके।
कार्यक्रम के पहले ही दिन बड़ी संख्या में एकता नगर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पार्क का वातावरण सुबह मंत्रोच्चारण, ध्यान और प्राणायाम से सरोबार हो उठा। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों – सभी ने योगाभ्यास करते हुए सामूहिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
इस अवसर पर महात्मा बुद्ध योग संस्थान के पदाधिकारियों गोपाल कायत , परवीन मेहता , अमित सोढ़ी , रवि अरोड़ा , सीमा मेहता , नीलम टुटेजा , वीणा तायल , किरण अरोड़ा , ओम प्रकाश ठकराल, गोलू मेहता, आकाश व् आँचल ने भी लोगों को योग के महत्व पर प्रकाश डाला और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पाँच दिवसीय इस कार्यक्रम में प्रतिदिन अलग-अलग योग विधियों, प्राणायाम, ध्यान तथा जीवनशैली सुधार से जुड़े विषयों पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
संस्थान ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योग शिविर से जुड़ें और स्वास्थ्य, अनुशासन एवं आत्मिक शांति की दिशा में कदम बढ़ाएँ।


