यातायात नियमों का पालन करना सड़क पर चलने वाले हर नागरिक की जिम्मेदारीः-यातायात प्रभारी डबवाली
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार डबवाली पुलिस द्वारा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” के दौरान रक्तदान शिविर, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, स्वच्छता व पौधारोपण जैसे बहुपक्षीय अभियानों के साथ विभिन्न विभागों के साथ कदम से कदम मिलाकर आमजन को जागरूक किया जाएगा । इसके साथ ही आमजन से सीधा संवाद कर उनको नशे जैसी सामाजिक बुराइयों व साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है ।
इस पखवाड़े के अन्तर्गत बाजारों, बस स्टैंड, व सार्वजनिक स्थलों पर वाहन चालकों व आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनके पालन का महत्व समझाया गया । उन्होंने इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन सड़क हादसे घटित हो रहे हैं जिनमें कई बार जान-माल की क्षति भी होती है ।
इसी अभियान के अन्तर्गत वाहन चालकों को रोककर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए और उन्हें यातायात नियमों के बारे में जागरूक रहने बारे कहा गया । पुलिस टीमों ने बताया कि रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहन अक्सर दुर्घटना का कारण बनते हैं । ऐसी दुर्घटना से बचने के लिए वाहन पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगा होना जरूरी है । दुर्घटना के तीन यार, ‘नशा, नींद और तेज रफ्तार’ का मंत्र देकर वाहन चालकों को जागरूक किया । वाहन में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं । रात के समय हेडलाइट लो बीम पर रखें, ताकि सामने से आने वाले वाहन चालक की आंखों में सीधी रोशनी न लगे । उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वे नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें ।

