सिरसा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र की गौशालाओं को हरियाणा गौ सेवा आयोग (हरियाणा सरकार) द्वारा प्रदान की गई अनुदान राशि के चैक वितरण हेतु भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान उनके साथ ऐलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे अमीरचंद मेहता भी रहेंगे। यह कार्यक्रम 08 मई 2026 को प्रात: 10:00 बजे श्री कृष्ण गौशाला, ढाणी शेरांवाली रोड, ऐलनाबाद में तथा सायं 5:00 बजे श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला, गांव माखोसरानी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर ऐलनाबाद क्षेत्र की 38 गौशालाओं को कुल 2 करोड़ 96 लाख 26 हजार 680 रुपए की अनुदान राशि के चैक वितरित किए जाएंगे। इतनी राशि केवल ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र की गौशालाओं के लिए है। वहीं, पूरे सिरसा जिले में कुल 10 करोड़ 30 लाख 91 हजार 520 रुपए की अनुदान राशि गौशालाओं को वितरित की जा रही है। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गौसेवा और गौसंरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से पहले पूरे हरियाणा में मात्र 215 गौशालाएं ही पंजीकृत थीं, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से यह संख्या बढ़कर 619 हो गई है। इन गौशालाओं में आज लगभग साढ़े चार लाख गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि सिरसा जिला गौसेवा के क्षेत्र में अग्रणी है, जहां सर्वाधिक 138 गौशालाएं संचालित हो रही हैं। यह प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतियों और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि गौशालाओं को आर्थिक सहायता, संरचनात्मक विकास और संरक्षण के लिए लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गौशालाओं को समय-समय पर अनुदान उपलब्ध करवाना न केवल गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की भावना को भी मजबूत करता है। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में पहुंचकर इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और गौसेवा के इस अभियान को सफल बनाएं।
ऐलनाबाद विधानसभा की गौशालाओं को सौंपे जाएंगे करोड़ों की अनुदान राशि के चैक: यतींद्र सिंह
Facebook
Twitter
WhatsApp



