नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच को मिलेगा नया आयाम: सुभाष कुमार फुटेला
सिरसा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउण्ड सिरसा एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडी डबवाली में अटल टिंकरिंग लैब कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह चार दिवसीय कार्यशाला है, जिसका आज प्रथम दिवस उत्साह एवं नवाचारपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यशाला में उन विद्यालयों के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं कम्प्यूटर साइंस के प्रवक्ताओं के साथ-साथ विद्यालय प्राचार्यों तथा पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जहां अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की गई हैं। उल्लेखनीय है कि सिरसा जिले के कुल 26 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की जा चुकी हैं, जो विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं प्रयोगात्मक अधिगम से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार, समस्या समाधान क्षमता एवं तकनीकी कौशल का विकास करना है, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विभिन्न आधुनिक उपकरणों, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेंसर आधारित परियोजनाओं एवं डिजाइन थिंकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में आयोजित कार्यशाला में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि
अटल टिंकरिंग लैब विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को नई दिशा देने का एक प्रभावी मंच है। शिक्षक इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को विद्यालय स्तर पर लागू करें ताकि हमारे विद्यार्थी नवाचार एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने अटल टिंकरिंग लैब्स की उपयोगिता एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि
आज के समय में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। अटल टिंकरिंग लैब्स विद्यार्थियों को सीखने, प्रयोग करने और नए आइडियाज विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। यदि शिक्षक एटीएल प्रशिक्षण को प्रभावी रूप से विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे, तो निश्चित रूप से नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। आज अटल टिंकरिंग लैब कार्यशाला के दौरान अनिल कुमार, सौरभ, राहुल एवं पवन कुमार द्वारा स्टेम्पीडिया की ओर से शिक्षकों को तकनीकी एवं नवाचार आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को एटीएल उपकरणों, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रळएट आधारित गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी, जिससे शिक्षकों में नई तकनीकों के प्रति उत्साह एवं सीखने की भावना विकसित हुई। उन्होंने शिक्षकों को विभिन्न प्रोजेक्ट्स एवं गतिविधियों के माध्यम से यह भी बताया कि किस प्रकार विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़कर उनकी रचनात्मक क्षमता एवं समस्या समाधान कौशल को विकसित किया जा सकता है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकों ने अत्यंत रुचि एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अटल टिंकरिंग लैब्स के माध्यम से शिक्षा में नवाचार के नए आयामों को समझा। कार्यक्रम का वातावरण ऊर्जा, सीखने की जिज्ञासा एवं तकनीकी उत्साह से परिपूर्ण रहा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यशाला शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा जिले में नवाचार आधारित शिक्षा को नई गति प्रदान करेगी।
दो सरकारी स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब कार्यशाला का शुभारंभ
Facebook
Twitter
WhatsApp



