3 Views
सिरसा…… जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को कुल 3 किलो 363 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान एंटी नारकोटिक्स सेल की एक टीम गश्त एवं चेकिंग पर थी। टीम जब चंडीगढ़िया मोहल्ला क्षेत्र में मौजूद थी तो सामने से एक युवक हाथ में प्लास्टिक की पॉलिथीन लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक घबरा गया और वापस मुड़कर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। युवक की पहचान अर्जून उर्फ गौरु पुत्र घनश्याम निवासी गली नंबर-2, चंडीगढ़िया मोहल्ला, सिरसा के रूप में हुई। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसकी पॉलिथीन की तलाशी ली गई, जिसमें से 2 किलो 52 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। एक अन्य कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की दूसरी टीम बस स्टैंड सिरसा से डबवाली रोड स्थित एयर फोर्स स्टेशन की ओर गश्त कर रही थी। फायर ब्रिगेड स्टेशन के निकट एक युवक हाथ में प्लास्टिक की पॉलिथीन लिए पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भी घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। युवक की पहचान राहुल कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी हाल किरायेदार, गली नंबर-6, प्रीत नगर, बेगू रोड, सिरसा के रूप में हुई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 311 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Post Views: 2



