1 Views
सिरसा। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों और नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीम ने दो युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम 180 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों युवक हुडा सेक्टर-19 क्षेत्र में नशे का सेवन करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को हुडा सेक्टर-19 सिरसा क्षेत्र में दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 ग्राम 180 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने मौके से लाइटर, सिल्वर पेपर तथा 20 रुपये का नोट भी बरामद किया। सेल प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय पुत्र धर्मबीर निवासी फ्लैट नंबर 259, सेक्टर-19 सिरसा तथा मनीष कुमार पुत्र जगदीश लाल निवासी गली नंबर 9, प्रीत नगर सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत थाना सिविल लाइन सिरसा में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Post Views: 1


