Home » हरियाणा » छात्र हितों की रक्षा और शैक्षणिक सुधार के लिए पदाधिकारियों ने लिया संकल्प

छात्र हितों की रक्षा और शैक्षणिक सुधार के लिए पदाधिकारियों ने लिया संकल्प

Facebook
Twitter
WhatsApp
1 Views

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा में छात्र संगठन उदय का पदग्रहण समारोह हर्बल पार्क में आयोजित किया गया। समारोह में संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने पद की गरिमा, कार्यभार और दायित्वों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ निभाने तथा विद्यार्थियों के हितों, अधिकारों और विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उदय की पूरी टीम ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार, कुलसचिव सुनील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सुलझाने तथा छात्र-छात्राओं के लिए सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल विकसित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में एडवोकेट बलबीर कौर की उपस्थिति रही। उन्होंने समारोह के दौरान पदाधिकारियों से कहा कि छात्र जीवन केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता के विकास का भी महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में छात्र संगठनों की भूमिका विद्यार्थियों की समस्याओं को सामने लाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता, समानता एवं न्यायपूर्ण व्यवस्था को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण होती है। संगठन की राष्ट्रीय सचिव डॉ रेखा रानी ने बताया कि उदय का मूल मंत्र (अधिकार, सुधार और क्रांति) है। संगठन इसी विचारधारा के अनुरूप विद्यार्थियों के संवैधानिक एवं शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों और व्यापक सामाजिक परिवर्तन के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी समस्याओं, विचारों और सुझावों को स्वतंत्र रूप से रख सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टीम उदय छात्रों की समस्याओं व उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों, शैक्षणिक सुविधाओं, छात्र कल्याण, समान अवसरों और विद्यार्थियों की भागीदारी जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास करेगा, ताकि समस्याओं का समाधान सकारात्मक, लोकतांत्रिक और रचनात्मक तरीके से राष्ट्र हित में और विश्वविद्यालय हित में काम किया जा सके।
इस अवसर पर सभी ने यह भी संकल्प लिया कि संगठन में किसी पद को प्राप्त करना केवल सम्मान की बात नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के प्रति जवाबदेही का निर्वहन करना है। उदय की टीम ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी आपसी सहयोग, एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विश्वविद्यालय की गरिमा और विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखेंगे। समारोह का संदेश स्पष्ट रहा कि एक सशक्त छात्र संगठन वही है, जो विद्यार्थियों की आवाज बने, उनके अधिकारों के लिए जिम्मेदारी से खड़ा हो और शिक्षा तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास करे। उदय ने विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, शैक्षणिक सुधार और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के नवनियुक्त पदाधिकारीयों में उदय के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगे राम, राष्ट्रीय सचिव डॉ. रेखा रानी, जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार, सीडीएलयू अध्यक्ष कबीर सिंह, सचिव जसकरन कौर, संयुक्त सचिव हिमांशु प्रजापत, उपाध्यक्ष अंशमीत और मीडिया कोआॅर्डिनेटर अभिषेक गहलोत, कोमल, कल्पना, सिया, मिकू, रिया,  सहित संगठन के अन्य सदस्य व भारी मात्रा में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *